Taxi driver arrested for stealing a licensed pistol and 20 cartridges from a car in a hotel parking lot-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

होटल की पार्किंग में कार की चाबी लेकर लाइसेंसी पिस्टल और 20 कारतूस चुराने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 7:03 PM (IST)
होटल की पार्किंग में कार की चाबी लेकर लाइसेंसी पिस्टल और 20 कारतूस चुराने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार
• सूरजपोल पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बलीचा क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा; चोरी की पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद उदयपुर। उदयपुर की सूरजपोल थाना पुलिस ने हरियाणा से घूमने आए पर्यटक की कार से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी करने के मामले में आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल की पार्किंग में कार को साइड में लगाने के बहाने चाबी लेकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी को बलीचा क्षेत्र से गिरफ्तार किया और चोरी किया गया हथियार व कारतूस बरामद कर लिए। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पर्यटकों की सुरक्षा एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सूरजपोल कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
कार की चाबी लेकर डैशबोर्ड से चुराई पिस्टल
प्रकरण के अनुसार सोनीपत (हरियाणा) निवासी पर्यटक ओमप्रकाश चौधरी पुत्र भीमसिंह चौधरी उदयपुर घूमने आए थे और भटियानी चौहट्टा स्थित होटल मनोर में ठहरे हुए थे। होटल की पार्किंग में खड़ी उनकी कार के डैशबोर्ड में रखी लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। इस संबंध में 13 नवम्बर 2026 को थाना सूरजपोल में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही गाइड्स, होटल कर्मचारियों और टैक्सी चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंगलवार 17 नवम्बर को बलीचा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी जयप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध चोरी के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
टैक्सी चालक है आरोपी, सूरत से पर्यटकों को लेकर आया था उदयपुर
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेशे से टैक्सी चालक है। वह 12 नवम्बर 2026 को सूरत (गुजरात) से पर्यटकों को लेकर उदयपुर आया था। इसी दौरान होटल मनोर की पार्किंग में खड़ी परिवादी की कार को साइड में लगाने के बहाने उसने कार की चाबी ली और डैशबोर्ड में रखी लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन एवं 20 कारतूस चोरी कर लिए। वारदात के बाद वह उदयपुर से फरार हो गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयप्रताप सिंह पुत्र मनोज सिंह, निवासी धनपुर, थाना फतनपुर, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह, शरीफ खान, कांस्टेबल भावेश गुर्जर एवं कृष्णपाल सिंह शामिल रहे। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह और कांस्टेबल भावेश गुर्जर की विशेष भूमिका रही।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement