बीजेपी मुख्यालय के मंत्री दरबार की नौटंकी बंद हो-सचिन पायलट
khaskhabar.com: बुधवार, 03 अगस्त 2016 7:30 PM (IST)
जयपुर । बीजेपी मुख्यालय में लगने वाले मंत्री दरबार को लेकर वन मंत्री राजकुमार रिणवां के बयान पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने कहा कि वसुंधरा सरकार के वन मंत्री ने जनता को भ्रमित करने वाली अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर मुहर लगायी है। पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय में जनसुनवाई का ढोंग रच कर दो वर्षों में भाजपा सरकार ने जनता को भ्रम में रखने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता दूर-दराज क्षेत्रों से अपनी समस्याओं के निदान के लिए इस उम्मीद से भाजपा कार्यालय पहुँचती थी कि उसकी समस्याओं का निदान हो जाएगा। लेकिन कई बार आने के बावजूद भी प्रार्थना पत्रों पर कोई कार्यवाही नहीं होने से जनता निराश होकर लौट रही है। उन्होंने कहा कि वैसे भी जनसुनवाई में वे ही लोग आ सकते थे जिनके पास भाजपा के जिलों के नेताओं की अनुशंषा साथ होती थी। इस वजह से एक बड़ा तबका इस जनसुनवाई से दूर रहा।