khaskhabar.com: गुरुवार, 29 सितम्बर 2016 07:46 AM (IST)
इलाहाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी के रिक्त छह पदों के लिए मतदान कराए गए। इसमें सात नामांकन दाखिल कराए गए। इसमें गिरधारी सिंह के अलावा सभी छह पार्षद कार्यकारिणी के छह पदों पर चुन लिए गए। इस दौरान मेयर अभिलाषा गुप्ता, सांसद श्यामाचरण गुप्त, विधायक पूजा पाल, परवेज अहमद, यज्ञदत्त शर्मा और सुरेशचंद्र त्रिपाठी ने भी मतदान किया। 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के रिक्त छह पदों के लिए पार्षद अतहर रजा लाडले, अमित सिंह, नीरज गुप्ता, चंद्रभूषण, अभय यादव, राजेश निषाद और गिरधारी सिंह ने नामांकन दाखिल किया था। इसमें से एक भी नामांकन वापस नहीं हुआ। मतदान के दौरान निगम में खासी गहमागहमी रही। सांसदों विधायकों समेत कुल 86 वोट डाले गए। मतगणना के दौरान इसमें से 14 मत निरस्त कर दिए गए जिसमें से सबसे अधिक मत अतहर रजा लाडले और अमित सिंह को 13-13, राजेश निषाद को 12 और चंद्रभूषण सिंह को दस वोट मिले। अभय यादव, गिरधारी सिंह और नीरज गुप्ता को आठ आठ वोट मिले। तीसरी वरीयता के मतों की गणना में गिरधारी सिंह पिछड़ गए इसलिए बाकी सदस्यों को निर्वाचित घोषित कर दिया गया।