Preparations for Chhath Puja complete in Prayagraj; large crowds of devotees expected at the Sangam and other major ghats-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रयागराज में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, संगम सहित प्रमुख घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

khaskhabar.com: रविवार, 15 नवम्बर 2026 5:38 PM (IST)
प्रयागराज में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, संगम सहित प्रमुख घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
प्रयागराज। प्रयागराज में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। संगम, अरैल घाट , राम घाट और बालूघाट सहित प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर साफ-सफाई, समतलीकरण और रोशनी की व्यवस्था की गई है ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। रविवार को महापर्व का तीसरा दिन है, जब श्रद्धालु डूबते हुए सूर्य को शाम का अर्घ्य देंगे। इसके लिए सुबह से ही घाटों पर चहल-पहल देखी जा रही है। महिलाएं पूजा की सामग्री, फल, फूल और सूप लेकर घाटों पर पहुंच रही हैं। प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और सुरक्षा के भी इंतजाम किए हैं। नदी में स्नान के लिए सुरक्षित क्षेत्र तय किया गया है। सफाईकर्मी लगातार घाटों की सफाई में जुटे हुए हैं। एक महिला श्रद्धालु ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि आज छठ पूजा है और शाम को घाट पर बहुत भीड़ होती है। आज डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा और कल सुबह उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पर्व संतान, विशेषकर बेटे की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए किया जाता है।
वहीं, तीर्थ पुरोहित ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान छठ पर्व के पीछे की पौराणिक कथा भी सुनाई। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में प्रियव्रत नाम के एक राजा थे, जिनकी पत्नी का नाम मालिनी था। उनके पास सब कुछ था, लेकिन पुत्र नहीं था। संतान प्राप्ति के लिए उन्होंने पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया। यज्ञ के बाद रानी को गर्भधारण हुआ। लेकिन जब पुत्र का जन्म हुआ, तो वह मृत पैदा हुआ।
उन्होंने कहा कि इस गहरे दुख में राजा श्मशान पहुंच गए और अपने प्राण त्यागने का प्रयास करने लगे। तभी वहां भगवान की मानस कन्या देवसेना, जिन्हें षष्ठी माता कहा जाता है, प्रकट हुईं। उन्होंने राजा से कहा कि मैं सृष्टि की मूल प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न हुई हूं, इसलिए षष्ठी कहलाती हूं। तुम सच्चे मन से मेरा पूजन करो और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करो।
राजा ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि को देवी षष्ठी का व्रत और पूजन किया, जिससे उन्हें फिर से पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। तभी से संतान की रक्षा और लंबी आयु के लिए छठ पूजा की परंपरा शुरू हुई।
पुरोहित ने बताया कि छठ महापर्व चार दिन तक चलता है। पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य के साथ पारण होता है। व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं। आज शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा और सप्तमी के दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा होगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement