Second Phase of Mission Clean Punjab Launched in Moga; DC and MLA Lead the Effort-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 9, 2026 1:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मोगा में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण की शुरुआत, डीसी और विधायक ने संभाली कमान

khaskhabar.com: शनिवार, 29 अगस्त 2026 12:06 PM (IST)
मोगा में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण की शुरुआत, डीसी और विधायक ने संभाली कमान
मोगा । पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण का आगाज शनिवार को पूरे राज्य के साथ मोगा में भी किया गया। मोगा में अभियान की शुरुआत डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया और विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने की। इस मौके पर नगर निगम के अधिकारी, प्रशासनिक अमला, पुलिस कर्मचारी, स्कूली बच्चे और एनसीसी कैडेट भी अभियान में शामिल हुए। मिशन क्लीन पंजाब अभियान के तहत अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया और विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें तथा कूड़ा खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। इस दौरान मोगा पुलिस की ओर से भी अभियान में सहयोग दिया गया। थाना प्रभारी वरुण कुमार सहित पुलिस कर्मचारियों ने भी सफाई मुहिम में भाग लिया। वहीं, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेटों की भागीदारी ने अभियान को जनभागीदारी का रूप दिया।
अधिकारियों ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को केवल एक दिन या औपचारिक अभियान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा। इसका उद्देश्य मोगा शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना है। शहर में ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां अक्सर कूड़ा जमा रहता है।
गौरतलब है कि पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस की ओर से 8 जून 2026 को ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान की शुरुआत की गई थी। इसके तहत सभी नगर निगम अधिकारियों को रोजाना सुबह 7 से 8 बजे तक फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अब 29 अगस्त से अभियान के दूसरे चरण को पूरे पंजाब में और तेज किया गया है।
‘मिशन क्लीन पंजाब’ का मुख्य लक्ष्य राज्य को कचरा मुक्त बनाना है। दूसरे चरण के तहत विशेष रूप से उन स्थानों पर व्यापक सफाई की जाएगी, जहां लंबे समय से कूड़ा जमा होने की समस्या बनी हुई है। यह विशेष अभियान 29 अगस्त से 7 सितंबर तक दस दिनों तक चलेगा। इस दौरान शहरों और कस्बों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए जाएंगे और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की कि मोगा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और सफाई को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement