झुंझुनूं सूरजगढ़ एसडीएम दिनेशचन्द्र भार्गव की ओर से वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। एसडीएम के खिलाफ जिले के सभी वकील लामबंद हो गए हैं। जिला मुख्यालय पर वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर एसडीएम को हटाने की मांग की। जिले के वकीलों ने एसडीएम भार्गव के खिलाफ एडीएम को ज्ञापन भी दिया।
वकीलों ने कहा है कि सूरजगढ़ एसडीएम ने कोर्ट में भ्रष्टाचार फैला रखा है। एक्स पार्टी स्टे देने के कारण लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। रैव्यनू के मामलों में एक तरफा फैसले किए जा रहे हैं। भू माफियों से मिली भगत के कारण एक पार्टी को बिना सुने ही फैसले किए जा रहे हैं। इसका विरोध करने पर एसडीएम ने वकीलों के खिलाफ मामले दर्ज करवाकर वकीलों की आवाज को दबाने का प्रयास किया है। इससे जिले के वकील किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। उल्लेखनीय है कि सूरजगढ़ एसडीएम दिनेशचन्द्र भार्गव ने दर्जनभर वकीलों के खिलाफ गाली गलौच करने राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करवाया है। एसडीएम की कार्यशैली के खिलाफ सूरजगढ़ व चिड़ावा के वकील करीब 43ं दिनों से धरने पर बैठे हैं और एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार कर रखा है। इधर एसडीएम भार्गव की कार्यशैली के विरोध में धरने पर बैठे एडवोकेट सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि शीघ्र ही संभागीय आयुक्त व सीएम से मिलकर एसडीएम भार्गव की कार्यशैली की शिकायत करेंगे।