Sawai Madhopur: Railway Police Constable arrested red-handed while accepting a bribe-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 14, 2026 10:39 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सवाई माधोपुर : रेलवे पुलिस चौकी का आरक्षक 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

khaskhabar.com: सोमवार, 31 अगस्त 2026 5:48 PM (IST)
सवाई माधोपुर : रेलवे पुलिस चौकी का आरक्षक 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर/सवाई माधोपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी सवाई माधोपुर इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी (रेलवे पुलिस थाना सवाई माधोपुर) में पदस्थापित आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी कि लाखेरी रेलवे पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई रेलवे सामान चोरी के प्रकरण में उसे मुल्जिम नहीं बनाने का दबाव बनाकर आरक्षक द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत पर 25 अगस्त को मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी ने परिवादी को मुल्जिम नहीं बनाने की एवज में पहले 80 हजार और बाद में बातचीत के दौरान 70 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति जताई। सोमवार को आरोपी रिश्वत की रकम लेने परिवादी के घर पहुंचा, जहां एसीबी टीम ने घेराबंदी कर उसे 70 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम मौके से बरामद कर ली है।
यह ट्रैप कार्रवाई एसीबी भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी सवाई माधोपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर परिहार एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement