Rajasthan: 24 police constables quit their jobs to become peons; will work in the health department.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजस्थान : चपरासी बनने के लिए 24 पुलिस कांस्टेबलों ने छोड़ी नौकरी, स्वास्थ्य विभाग में करेंगे काम

khaskhabar.com: बुधवार, 30 सितम्बर 2026 12:11 PM (IST)
राजस्थान : चपरासी बनने के लिए 24 पुलिस कांस्टेबलों ने छोड़ी नौकरी, स्वास्थ्य विभाग में करेंगे काम
रेलवे, सीआरपीएफ और बीएसएफ की नौकरी छोड़कर भी पहुंचे उम्मीदवार, गृह जिले के करीब रहने की सुविधा और काम का तनाव कम होना मुख्य वजह जयपुर/सीकर। लंबी ड्यूटी के घंटे और अत्यधिक तनाव के चलते अब युवा पुलिस की नौकरी छोड़कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (चपरासी) बनने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हाल ही में प्रदेश में चपरासी के 53,749 पदों पर भर्ती की गई थी, जिनमें से 7,903 पद स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत थे। इन पदों पर चयन के बाद पुलिस विभाग के 24 सिपाहियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिन्हें अब सीएमएचओ, बीसीएमएचओ कार्यालयों के अलावा सीएचसी और पीएचसी में पोस्टिंग मिली है। चपरासी की इस नौकरी को चुनने वाले उम्मीदवारों का कहना है कि पुलिस विभाग में ड्यूटी का कोई निश्चित समय नहीं होता है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने, वीआईपी मूवमेंट या किसी आपराधिक घटना के समय 16 से 24 घंटे तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है।
नाइट ड्यूटी और त्योहारों के दिनों में भी छुट्टी न मिलने के कारण उनका निजी और पारिवारिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। इसके विपरीत, स्वास्थ्य विभाग में ब्लॉक, सीएचसी और पीएचसी स्तर पर पोस्टिंग मिलने से कर्मचारियों को अपने गृह जिले या गांव के पास रहने की सुविधा मिल जाती है। खास बात यह है कि 7वें वेतन आयोग के नियमों के मुताबिक, इन दोनों पदों के ग्रेड पे में केवल 700 रुपये का ही अंतर है।
स्वास्थ्य विभाग में चपरासी की जॉइनिंग लेने वालों में केवल पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि अन्य केंद्रीय और राज्य विभागों के कर्मचारी भी शामिल हैं:
रेलवे ग्रुप-डी के 11 कर्मचारी
बीएसएफ (BSF) और सीआरपीएफ (CRPF) के 1-1 कांस्टेबल
आयकर विभाग का एक मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मचारी
पुलिस विभाग में त्यागपत्र की औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण कई अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य विभाग से कार्यग्रहण के लिए समय बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिस पर विभाग ने उन्हें 23 नवंबर तक जॉइन करने की अनुमति दी है। हालांकि, कई कर्मियों का यह भी दावा है कि उनके इस्तीफे अभी तक उनके संबंधित विभागों द्वारा स्वीकार नहीं किए गए हैं, जिसके चलते वे प्रक्रियाओं के पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement