Punjab: Firing incident at Tara Wala Bridge in Amritsar leaves one youth dead; attack stems from old enmity-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पंजाब: अमृतसर में तारा वाला पुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत; पुरानी रंजिश में बरसीं गोलियां

khaskhabar.com: गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 10:52 PM (IST)
पंजाब: अमृतसर में तारा वाला पुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत; पुरानी रंजिश में बरसीं गोलियां
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में तारा वाला पुल के पास गुरुवार देर शाम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, अजनाला के कोटली सक्का गांव निवासी शरनजीत सिंह और आकाशदीप सिंह बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे तारा वाला पुल के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब छह युवकों ने उन पर अचानक गोलियां चला दीं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में शरनजीत सिंह को एक गोली लगी, जबकि आकाशदीप सिंह के शरीर में दो गोलियां लगीं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान आकाशदीप सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, शरनजीत सिंह का इलाज जारी है।
वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस को मौके से तीन खाली कारतूस के खोखे मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कम से कम तीन राउंड फायरिंग की गई।
मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने कहा कि यह घटना किसी गैंगवार से जुड़ी नहीं है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
पुलिस के अनुसार, करीब दो से तीन साल पहले भी दोनों पक्षों के बीच गंभीर विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। उसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है। अन्य हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement