शाहजहांपुर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन
प्रसाद ने कहा कि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पुवायां में जिस सड़क का उद्घाटन
करने आ रहे हैं वह कांग्रेस शासनकाल के दौरान ही स्वीकृत हो चुकी थी। मोदी और उनके
लोग कांग्रेस की ऐसी ही तमाम योजनाओं का नाम बदलकर अपनी योजना बताकर जनता को बरगला
रहे हैं।
जितिन प्रसाद अपने आवास पर मीडिया से मुखातिब
हुए जहां उन्होंने केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर तीर
चलाये। प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव से पहले जनता से
झूठे वादे कर केन्द्र में सरकार तो बना ली लेकिन आज वह हर मोर्चे पर नाकाम साबित
हो रही है। दो साल बीत जाने के बाद भी अपनी कोई उपलब्धि नही बना सके हैं, केन्द्र के लोग आज जिन योजनाओं को लागू
कर रहे हैं वह कांग्रेस की सरकार की देन हैं इन्होने सिर्फ उनके नाम बदल कर लागू
करने का काम किया है।
जितिन प्रसाद ने कहा चुनाव से पहले पीएम मोदी एक जवान के सिर
के बदले 10 सिर लाने की बात करते थे लेकिन उरी में भारतीय सैनिको पर हुए अब तक के
सबसे बड़े हमले में मारे गए सैनिको के लिए उन्होंने कुछ नही किया है। मोदी जी पूर्व
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का मजाक बनाते थे लेकिन जवानों की हत्या के बाद से आज
वह अपनी ही पार्टी के लोगों के बीच मजाक का पात्र बन गए हैं।
जनता उनके बड़बोलेपन
को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही दस
दिन के अन्दर किसानो का कर्जा माफ और बिजली बिल हाफ होगा। जितिन प्रसाद ने कहा कि
पुवायां में राहुल गांधी की खाटसभा एतिहासिक होगी।