Patwari arrested in Mahendragarh for accepting ₹10,000, computer operator absconding; bribe was demanded to delete loan records-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महेंद्रगढ़ में पटवारी ₹10,000 लेते गिरफ्तार, कंप्यूटर ऑपरेटर फरार; लोन रिकॉर्ड हटाने के लिए मांगी थी घूस

khaskhabar.com: शुक्रवार, 21 नवम्बर 2025 12:14 PM (IST)
महेंद्रगढ़ में पटवारी ₹10,000 लेते गिरफ्तार, कंप्यूटर ऑपरेटर फरार; लोन रिकॉर्ड हटाने के लिए मांगी थी घूस
महेंद्रगढ़। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महेंद्रगढ़ जिले के कनीना तहसील के हल्का पटवारी विक्रम सिंह को ₹10,000/- (दस हजार रुपये) की नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो, गुरुग्राम को बताया कि उसके पिता ने वर्ष 2024 में India Shelter Bank, नीमराना, राजस्थान से अपने मकान पर लोन लिया था। हाल ही में, वर्ष 2025 में, उन्होंने Utkarsh Bank, रेवाड़ी से दूसरा मकान लोन लिया। शिकायतकर्ता के पिता का पहला लोन, जो राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज था, अब पूरा हो चुका था। इस पुराने और पूर्ण हो चुके मकान लोन को राजस्व रिकॉर्ड से हटवाने के लिए शिकायतकर्ता अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेकर हल्का पटवारी विक्रम सिंह से मिला। पटवारी ने इस काम के लिए पैसे लगेंगे कहकर रिश्वत की मांग की। गत 18.11.2025 को जब शिकायतकर्ता Utkarsh Bank से लिए गए दूसरे मकान लोन के कागजात राजस्व रिकॉर्ड में इंद्राज करवाने के लिए पटवारी विक्रम से मिला, तो आरोपी पटवारी ने इस पूरे कार्य के लिए ₹22,500/- नकद रिश्वत की मांग की। पटवारी ने शिकायतकर्ता को निर्देश दिया कि वह तहसील कनीना में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर विजय से मिले, जो लोन को राजस्व रिकॉर्ड में इंद्राज कर देगा। शिकायतकर्ता जब विजय से मिला, तो उसने ₹2,000/- अपने मोबाइल नंबर 94856-35253 पर गूगल पे (Google Pay) करवा लिए।
पटवारी विक्रम सिंह द्वारा मांगी गई रिश्वत राशि में से शिकायतकर्ता के पास केवल ₹10,000/- का इंतजाम हो सका। पटवारी विक्रम सिंह ने इसी ₹10,000/- की राशि को नकद लेने पर सहमति दे दी। सतर्कता ब्यूरो की टीम ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटवारी विक्रम सिंह को शिकायतकर्ता से ₹10,000/- की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पटवारी विक्रम सिंह और विजय (कंप्यूटर ऑपरेटर) के विरुद्ध सतर्कता ब्यूरो, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 40 दिनांक 20.11.2025 धारा 7 पीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में सह-आरोपी विजय, कंप्यूटर ऑपरेटर, अभी फरार है और ब्यूरो उसकी तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement