Panipat : Student Scooter and Revolver Found by Canal Bank Following Firing at Tuition Center; Suicide Suspected-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पानीपत : ट्यूशन सेंटर पर फायरिंग के बाद नहर किनारे मिली छात्र की स्कूटी और रिवॉल्वर, सुसाइड की आशंका, सर्च ऑपरेशन जारी

khaskhabar.com: बुधवार, 15 अप्रैल 2026 12:23 PM (IST)
पानीपत : ट्यूशन सेंटर पर फायरिंग के बाद नहर किनारे मिली छात्र की स्कूटी और रिवॉल्वर, सुसाइड की आशंका, सर्च ऑपरेशन जारी
समालखा (पानीपत)। हरियाणा के पानीपत जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 12वीं कक्षा के एक छात्र ने ट्यूशन सेंटर पर फायरिंग करने के बाद नहर में कूदकर सुसाइड करने की कोशिश की है। बुधवार सुबह समालखा में नारायण से नामुंडा नहर के पुल के पास छात्र की स्कूटी, उसका बैग और पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई है। ट्यूशन सेंटर पर झगड़ा और फायरिंग पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगलवार शाम को छात्र का ट्यूशन सेंटर पर एक दूसरे लड़के के साथ विवाद हो गया था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो राउंड फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। यह मामला कल शाम पुलिस चौकी तक भी पहुंचा था, जहाँ दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी हुई थी।
नहर किनारे मिला सामान, छात्र गायब
पुलिस के अनुसार, छात्र मंगलवार शाम के बाद से ही लापता था। बुधवार सुबह राहगीरों ने नहर के पास एक लावारिस स्कूटी खड़ी देखी, जिसमें चाबी लगी हुई थी। स्कूटी के पास ही छात्र का स्कूल बैग और रिवॉल्वर रखी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची।
नहर में सर्च ऑपरेशन जारी
समालखा थाना प्रभारी (SHO) दीपक कुमार ने बताया कि छात्र की स्कूटी और अन्य सामान कब्जे में ले लिया गया है। सामान की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने नहर में छलांग लगा दी है। फिलहाल गोताखोरों की मदद से नहर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्र घर से रिवॉल्वर कब और कैसे लेकर निकला था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement