Advertisement
ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्कर नारायणलाल की 70 लाख की संपत्ति फ्रीज

21 फरवरी 2026 को नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार नारायण लाल मीणा उम्र 48 साल, निवासी फरेडी के कब्जे से 2 किलो 708.6 ग्राम ब्राउन शुगर और 1 किलो 723.2 ग्राम ब्राउन शुगर में मिलाने वाला केमिकल जब्त किया गया था। इस संबंध में अरनोद थाने में प्रकरण दर्ज कर जब इसकी वित्तीय जांच की गई, तो आरोपी की भारी बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ।
अभियुक्त ने एमडी, ब्राउन शुगर और डोडाचूरा की तस्करी की काली कमाई से स्वयं के नाम पर गांव फरेडी में एक आलीशान मकान बाजार मूल्य 60 लाख रुपये और एक महिन्द्रा टीयूवी कार बाजार मूल्य 10 लाख रुपये खरीद रखी थी।
थानाधिकारी अरनोद शिवलाल मीणा द्वारा त्वरित विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए तस्कर नारायणलाल मीणा की संपत्ति को फ्रीज करने का एक मजबूत प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की ओर से अधिकृत कंपिटेन्ट अथॉरिटी व एडमिनिस्ट्रेटर सफेमा (FOP) एण्ड एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली को भिजवाया गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
मौके पर लगाए गए जब्ती के बोर्ड
सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली द्वारा शुक्रवार 05 जून को अभियुक्त नारायणलाल के खिलाफ फ्रीजिंग के आधिकारिक नोटिस जारी कर दिए गए हैं। आदेश मिलते ही अरनोद थाना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए फ्रीज की गई संपत्तियों पर विभाग की ओर से जब्ती के बोर्ड चस्पा कर दिए हैं और अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भी सूचित कर दिया गया है।
मुख्य सप्लायर उस्मान की 2.78 करोड़ की संपत्ति पहले ही हो चुकी है फ्रीज
उल्लेखनीय है कि इसी प्रकरण में ड्रग सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी उस्मान खान पठान निवासी देवल्दी के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस पहले ही बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक कर चुकी है। पुलिस ने उस्मान द्वारा अपनी माता रूबीना बी और भाई रहमत के नाम पर बनाई गई संपत्तियों को फ्रीज करवाया था। इसमें एक आलीशान मकान, एक फार्म हाउस, एक स्कॉर्पियो, एक फॉर्च्यूनर गाड़ी सहित फार्म हाउस पर मौजूद 5 मारवाड़ी/काठियावाड़ी नस्ल के घोड़े और 10 मुर्रा नस्ल की भैंसें शामिल थीं, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये थी।
प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने इस कार्यवाही के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों, उन्हें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संश्रय (शरण) देने वालों और कमर्शियल मात्रा में नशे का अवैध व्यापार करने वाले अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस का यह 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' आगे भी इसी प्रकार पूरी सख्ती से जारी रहेगा ताकि जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जा सके।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रतापगढ़
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


