Advertisement
प्रतापगढ़ में नशा तस्कर वसीम खान की 1.25 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, आलीशान मकान से लेकर कार और ट्रैक्टर तक पर पुलिस की कार्रवाई

सक्षम प्राधिकारी ने 13 नवंबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को अनुमोदित कर स्थायी कर दिया। इसके बाद 15 नवंबर को अरनोद पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग के बोर्ड लगाकर उन्हें फ्रीज कर दिया।
एक मकान, कार और ट्रैक्टर सहित 1.25 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई
पुलिस की वित्तीय जांच में वसीम खान की ऐसी संपत्तियां सामने आईं, जिन्हें मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से खरीदा जाना बताया गया है। जांच के दौरान इन संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंका गया।
फ्रीज की गई संपत्तियों में गांव देवल्दी की आबादी भूमि पर बना आलीशान मकान, टीनशेड और भूमि शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये है। इसके अलावा मध्यप्रदेश नंबर की केटा कार (MP 09 CY 9495), जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये तथा जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।
इस तरह पुलिस ने कुल करीब 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज किया है।
80 ग्राम से अधिक एमडी और स्मैक बरामदगी से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई की कड़ी 1 अप्रैल 2026 को जोधपुर जिले के भोपालगढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले से जुड़ी है। उस दौरान पुलिस ने समंदर पुत्र किशनाराम निवासी हिंगोली के कब्जे से 80.54 ग्राम एमडी और 1.25 ग्राम स्मैक बरामद की थी।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि जब्त मादक पदार्थ वसीम खान पुत्र पुना उर्फ इस्माइल खान (45), निवासी देवल्दी, थाना अरनोद, प्रतापगढ़ ने उपलब्ध करवाए थे।
इसके बाद पुलिस ने वसीम खान को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वह वर्तमान में केंद्रीय कारागृह जोधपुर में बंद है।
23 साल में दर्ज हुए 19 आपराधिक मामले
वसीम खान थाना अरनोद का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2003 से 2026 तक उसके खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हुए हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने और ब्राउन शुगर तथा एमडी की तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं।
राजस्थान में उसके खिलाफ अरनोद, प्रतापगढ़, सालमगढ़ और जोधपुर के भोपालगढ़ थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं मध्यप्रदेश में मंदसौर कोतवाली, बाणगंगा इंदौर, अपराध शाखा इंदौर और राऊ थाना क्षेत्र में भी उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज हैं।
तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने पर पुलिस का फोकस
प्रतापगढ़ पुलिस ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने का अभियान चला रही है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से कमाई गई संपत्ति के उपयोग और हस्तांतरण पर रोक लगाना तथा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है।
पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब पुलिस का फोकस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, आर्थिक लेन-देन और अवैध संपत्तियों के नेटवर्क की जांच पर है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रतापगढ़
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


