चंडीगढ़। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रण सिंह मान ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि खट्टर सरकार में किसी भी अधिकारी के लिए नियमानुसार काम करना बेहद मुश्किल है। अधिकारियों के सामने कहीं सुशासन सहयोगी, कहीं निगरानी समिति, कहीं सीएमओ तो कहीं आरएसएस के खुंट्टे खड़े हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे किस खुंट्टे से बन्धे और किसके आदेश मानें ? ताजा उदाहरण स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और स्वास्थ्य विभाग के एसीएस राजन गुप्ता के बीच हुआ विवाद है। यह विवाद ऐसे वक्त खड़ा हुआ है जबकि प्रदेश में चिकनगुनिया व डेंगू का प्रकोप बढ़ता दिख रहा है। मान ने कहा कि किसी मंत्री को यह पूर्व अनुमान होना चाहिए कि उसके विभाग में भविष्य में कौन-कौन सी चुनौतियां हैं। यह दुर्भाग्य है कि हरियाणा सरकार व बड़बोले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मौसम के दृष्टिगत चिकनगुनिया व डेंगू जैसी तेजी से फैलने वाली घातक बीमारी की रोकथाम के लिए योजना बनाने में कोई गम्भीरता नहीं दिखाई।
अगर राजन गुप्ता लैब टैकनीशियनों से मिल कर स्वास्थ्य मंत्री के काम को ही आसान बना रहे थे तो उन्हें श्रेय देने की बजाये बेवजह विवाद क्यों खड़ा किया गया।