Advertisement
नगर निकाय चुनाव-2026 : डीग जिले में 6 नगर निकायों की मतगणना कल प्रातः 8 बजे से

मतगणना स्थलों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि नगर परिषद डीग के 38 वार्डों की मतगणना किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग के कमरा नंबर 21 में होगी, जिसके लिए 5 टेबल निर्धारित की गई हैं और मतगणना 8 राउंड में पूरी होगी। इसी प्रकार नगर पालिका बृजनगर के 31 वार्डों की मतगणना रेवती देवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बृजनगर के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 11 में 5 टेबलों पर 7 राउंड में संपन्न होगी।
नगर पालिका कुम्हेर के 24 वार्डों के लिए रामजी लाल स्वर्णकार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुम्हेर के कमरा नंबर 4 में 4 टेबल लगाई गई हैं, जहां 6 राउंड में गिनती का कार्य पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका कामां के 35 वार्डों की मतगणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कामां के पुस्तकालय कक्ष में 5 टेबलों पर 7 राउंड में की जाएगी।
सीकरी नगर पालिका के 24 वार्डों के लिए शहीद पवन कुमार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सीकरी के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 19 में 4 टेबलों पर 6 राउंड में मतगणना होगी। वहीं, नगर पालिका पहाड़ी के 18 वार्डों के लिए केसरी सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पहाड़ी के कमरा नंबर 18 में 3 टेबल निर्धारित की गई हैं, जहां 6 राउंड में मतगणना कार्य पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने मतगणना को निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की कड़ाई से पालना करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक मतगणना टेबल पर रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्धारित गणना पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक नियुक्त किए गए हैं।
मतगणना कक्ष में संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं गणना कार्मिक प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। मतगणना कक्ष में जिस वार्ड की मतगणना की जा रही होगी, उस दौरान संबंधित वार्ड के अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं को उसी कक्ष में निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप उपस्थित रहने की अनुमति होगी। शेष अभिकर्ताओं एवं व्यक्तियों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के अनुरूप बाहर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा मतगणना कक्षों में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। मतगणना कक्ष में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अधिकृत व्यक्ति के लिए निर्धारित पहचान एवं प्रवेश पास का पालन अनिवार्य होगा। संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि वे मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था को प्रभावी रूप से नियंत्रित करें। पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भी राज्य निर्वाचन आयोग या जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत पास के आधार पर ही मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
डीग
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


