Major Road Accident Near Nagriyawas: 16 Injured in Head-on Collision Between Car and Commander Jeep-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नगरीयावास के पास भीषण सड़क हादसा, कार-कमांडर जीप की आमने-सामने भिड़ंत में 16 घायल

khaskhabar.com: रविवार, 15 नवम्बर 2026 5:12 PM (IST)
नगरीयावास के पास भीषण सड़क हादसा, कार-कमांडर जीप की आमने-सामने भिड़ंत में 16 घायल
-टक्कर इतनी जबरदस्त कि दोनों वाहनों के उड़े परखच्चे, 9 गंभीर घायलों को हायर सेंटर किया रेफर लालसोट। लालसोट थाना क्षेत्र के नगरी आवास गांव के समीप रविवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार कार और कमांडर जीप के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार 16 जने घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार कमांडर जीप लालसोट से गंगापुर की ओर जा रही थी, जबकि कार गंगापुर से लालसोट की तरफ आ रही थी। इसी दौरान नगरी आवास के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। अचानक हुए इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। प्रारंभिक तौर पर किसी वाहन चालक को नींद की झपकी आने के चलते हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
हादसे की सूचना मिलते ही लालसोट थाना पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों ने 9 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इधर, हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और कमांडर जीप को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तड़के हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकारी के फंदे में फंसा जरख, वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर बचाई जान
श्रीया गांव के पास घायल अवस्था में मिला वन्यजीव, प्राथमिक उपचार के बाद वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी; अज्ञात शिकारी के खिलाफ मामला दर्ज
लालसोट।
उपखंड क्षेत्र के श्रीया गांव के पास रविवार को एक जरख शिकारी द्वारा लगाए गए फंदे में फंस गया। जरख को फंदे में फंसा देखकर ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर दीपक शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम पिंजरे एवं रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जरख को फंदे से मुक्त कराया।
वन विभाग की टीम ने घायल जरख को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर उसका प्राथमिक उपचार करवाया। अब उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात शिकारी ने वन्यजीव को पकड़ने के लिए फंदा लगाया था, जिसमें जरख उलझ गया। मामले में अज्ञात शिकारी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि वन्यजीवों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय उनकी सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी वन्यजीव के संकट में होने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
अपहरण के परिवाद की जांच के दौरान थाने में हंगामा, दो युवक गिरफ्तार
थानाधिकारी को ऊंची आवाज में धमकाने और उपद्रव करने की चेतावनी देने का आरोप, समझाइश के बाद भी नहीं माने
लालसोट।
लड़की के अपहरण के संबंध में दर्ज परिवाद की जांच के दौरान लालसोट थाना परिसर में हंगामा करने और थानाधिकारी को धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार परिवादी श्यामलाल सैनी ने अपनी पुत्री अर्चना सैनी के अपहरण के संबंध में परिवाद पेश किया था। मामले की जांच के दौरान अर्चना सैनी अपने परिजनों के साथ तथा संदिग्ध जितेंद्र सैनी और गुलकेश सैनी थाने पर उपस्थित थे।
इस दौरान पुलिस के अनुसार जितेंद्र सैनी और गुलकेश सैनी ने थानाधिकारी से ऊंची आवाज में बात करते हुए कहा कि उन्हें थाने क्यों लाया गया है। उन्होंने अपहरण करने से इनकार करते हुए अर्चना के परिजनों पर झूठा आरोप लगाने की बात कही। साथ ही उन्हें जाने देने की मांग करते हुए उपद्रव करने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार दोनों युवकों को बार-बार समझाइश दी गई, लेकिन वे नहीं माने और थाने में तेज आवाज में बोलकर अशांति उत्पन्न करने लगे। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में जितेंद्र सैनी (26) निवासी महला की ढाणी डीडवाना तथा गुलकेश सैनी (22) निवासी बंधा की ढाणी खटवा को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नियमानुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए परिजनों को सूचना दी।
मंडावरी थाने में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, वाहन चालकों को दिलाई यातायात नियमों की पालना की शपथ
लालसोट।
राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के अवसर पर रविवार को मंडावरी पुलिस थाने में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
कार्यक्रम में CLG एवं YCLG सदस्यों सहित गणमान्य नागरिकों को यातायात नियमों की पालना करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। थानाधिकारी जगदीश प्रसाद शर्मा ने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर के महत्व की जानकारी देते हुए यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों की पालना से अनमोल जिंदगियों को सड़क हादसों से बचाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement