अजमेर। बोराड़ा क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के मामले में गुरुवार को अदालत ने फैसला सुनाते हुए आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी ने उधार दी रकम वसूलने के लिए यह हत्या की थी।
अजमेर के एससीएसटी कोर्ट में यह मामला वर्ष 2014 से चल रहा है। आरोपी सौदान जाट ने बोराड़ा के ही रहने वाले कालू भील को कुछ पैसे उधार दिए थे। रकम नहीं लौटाने पर सौदान ने कालू भील के सर पर पत्थर मार कर उस की हत्या कर दी थी। सरकारी वकील हेम सिंह राठौड़ ने बताया कि बुधवार को इस मामले में अदालत ने फैसला सुनाते हुए सौदान को हत्या के मामले में दस साल की कैद और एससीएसटी एक्ट में दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दस हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है। यह दोनों सजा एक साथ चलेंगी। इस मामले में अदालत में 11 गवाह और 12 दस्तावेज पेश किए गए थे।