Karnal Municipal Corporation Assistant arrested while accepting a bribe of Rs 20,000; ACB lays a trap-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

करनाल नगर निगम का सहायक 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने बिछाया जाल

khaskhabar.com: शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 7:35 PM (IST)
करनाल नगर निगम का सहायक 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने बिछाया जाल
-दुकान के स्वामित्व हस्तांतरण और रजिस्ट्री के बदले मांगे थे 50 हजार रुपये; पहले ले चुका था 30 हजार की रिश्वत करनाल। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की करनाल टीम ने नगर निगम के एक सहायक को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राम सिंह के रूप में हुई है। एसीबी ने रिश्वत की राशि मौके से बरामद कर ली है। मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। दुकान की रजिस्ट्री के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के पिता की करनाल स्थित मुगल कैनाल की दुकान नंबर 15 में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। पिता के निधन के बाद इस हिस्से का स्वामित्व शिकायतकर्ता और उसके भाइयों के नाम हस्तांतरित किया जाना था।
आरोप है कि ट्रांसफर लेटर जारी करने और सेल/कन्वेयंस डीड की रजिस्ट्री कराने के बदले नगर निगम में सहायक के पद पर कार्यरत राम सिंह ने शिकायतकर्ता विक्रम और उसके चाचा भारत भूषण से पहले 75,000 रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में 50,000 रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी पहले ही 30,000 रुपये लेकर ट्रांसफर लेटर जारी कर चुका था। शेष 20,000 रुपये रजिस्ट्री के दिन, 23 अक्टूबर को देने के लिए कहा गया था।
तहसील परिसर में बिछाया जाल, रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एसवी एवं एसीबी करनाल की टीम ने तहसील परिसर में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी राम सिंह को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये लेते हुए राजपत्रित अधिकारी और छाया गवाह की मौजूदगी में पकड़ लिया गया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

एसीबी ने आरोपी राम सिंह के खिलाफ एफआईआर नंबर 29, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एवं एसीबी, करनाल में मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement