khaskhabar.com: बुधवार, 31 अगस्त 2016 6:50 PM (IST)
गंगाशहर। पर्युषण पर्व के आयोजनों में गुरूवार को देश के विभिन्न हिस्सों में सुबह नौ बजे से 12 बजे तक लगभग एक लाख लोग एक साथ सामायिक की साधना करेंगे। तेयुप गंगाशहर के अध्य़क्ष मनीष बाफना ने बताया कि जैन धर्म में सामायिक आत्म साधना का मार्ग है।
सामायिक आत्म सुरक्षा कवच, समता का अभ्यास तो अध्यात्म का प्रथम सोपान है। भगवान महावीर कि वाणी के अनुसार सामायिक की स्थिति में श्रावक साधु की तरह हो जाता है। सामायिक की साधना 48 मिनट की होती है। जिसमें साधक कर्म निर्जरा कर आत्म कल्याण की साधना करता है। सामायिक साधना की एक ऐसी स्थिति है जिसमें साधक एक आसन पर श्वेत वस्त्र धारण कर 48 मिनट तक अपने मन, वचन और काय को शुद्ध करने का प्रयास करता है। इस दौरान वह नाम जप, आगम वाक्यों का अध्ययन धार्मिक पुस्तकों का अध्ययन करता है।