Inani finalized for Chairman... now, whose turn is it for Deputy Chairman-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सभापति के लिये ईनाणी तय... अब उपसभापति पर किसका नंबर?

khaskhabar.com: बुधवार, 16 सितम्बर 2026 4:03 PM (IST)
सभापति के लिये ईनाणी तय... अब उपसभापति पर किसका नंबर?
रामपुरिया को फिर इंतजार या OBC फैक्टर से भोलाराम की एंट्री? चंदेरिया कों पुनः चाहिए उपसभापति भाजपा का बोर्ड बनते ही नई सियासी पहेली, अब जैन समाज से लेकर चंदेरिया तक की नजरें उपसभापति की कुर्सी पर
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चुनाव का सबसे बड़ा अध्याय भले ही सभापति पद के प्रत्याशियों के ऐलान के साथ खुल गया हो, लेकिन शहर की सियासत में असली उत्सुकता अब उपसभापति की एक कुर्सी को लेकर पैदा हो गई है। भाजपा ने सभापति पद के लिए अनिल ईनाणी को मैदान में उतार दिया है, जबकि कांग्रेस ने नगेंद्र सिंह राठौड़ पर भरोसा जताया है।
लेकिन जैसे ही सभापति का नाम सामने आया, शहर में अगला सवाल गूंजने लगा—“अब उपसभापति कौन?”
और इस सवाल के साथ भाजपा के भीतर तीन अलग-अलग राजनीतिक समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है—रामपुरिया, चंदेरिया और OBC फैक्टर।
रामपुरिया को फिर इंतजार या मिलेगा ‘सियासी सम्मान’?
सुदर्शन रामपुरिया का नाम सभापति पद के लिए भी चर्चाओं में रहा, लेकिन पार्टी ने अनिल ईनाणी को उम्मीदवार बनाया। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या भाजपा नेतृत्व रामपुरिया को उपसभापति की जिम्मेदारी देकर महत्वपूर्ण भूमिका देगा?
रामपुरिया को पहले नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन बाद में उन्हें पद से हटा दिया गया और इसके बाद सांसद के करीबी माने जाने वाले गौरव त्यागी को नगर अध्यक्ष बनाया गया—ऐसा स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय रहा है। बाद में जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर रामपुरिया द्वारा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने का घटनाक्रम भी उनके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चा में रहा। अब सवाल यह है कि क्या उपसभापति पद रामपुरिया के लिए राजनीतिक संतुलन का रास्ता बनेगा?
चंदेरिया की आवाज—बोर्ड हमारा भी!
नगर परिषद में भाजपा के बहुमत के पीछे चंदेरिया क्षेत्र की भूमिका को लेकर भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में यह भावना बताई जा रही है कि सत्ता में क्षेत्र को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसी आधार पर चंदेरिया से जुड़े भाजपा नेता और पार्षद उपसभापति पद पर अपना दावा जता रहे हैं। यह मांग इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले कांग्रेस बोर्ड में चंदेरिया के कैलाश पंवार उपसभापति रह चुके हैं। वर्ष 2019 में पंवार उपसभापति निर्वाचित हुए थे।
यानी चंदेरिया का तर्क साफ है—“जब कांग्रेस बोर्ड में चंदेरिया को उपसभापति मिल सकता है, तो भाजपा बोर्ड में क्यों नहीं?”
और अब आया—भोलाराम प्रजापत के रूप में तीसरा नाम भी
अगर भाजपा सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति अपनाती है तो उपसभापति के लिए भोलाराम प्रजापत का नाम भी चर्चा में है। वार्ड 11 से भाजपा के भोलाराम प्रजापत चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में पार्टी के सामने एक अलग समीकरण हो सकता है—
क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व चाहिए तो चंदेरिया, संगठनात्मक संतुलन चाहिए तो रामपुरिया,और OBC प्रतिनिधित्व का समीकरण साधना हो तो भोलाराम प्रजापत।
यही तीन नाम अब शहर की राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बने हुए हैं।
33 पार्षदों का बहुमत... फिर भी एक कुर्सी पर इतनी हलचल क्यों?
राजनीतिक गणित के अनुसार भाजपा के पास 33 पार्षद, कांग्रेस के 23 और 4 निर्दलीय हैं। इस बहुमत के कारण बोर्ड गठन को लेकर भाजपा की स्थिति मजबूत है। लेकिन उपसभापति का नाम तय करना केवल संख्या का सवाल नहीं रह गया है— यह क्षेत्रीय, सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन का सवाल बनता दिखाई दे रहा है।
और यही कारण है कि सभापति के नाम की घोषणा के बाद भी शहर की राजनीतिक चर्चा खत्म होने के बजाय और तेज हो गई है।
रामपुरिया बनाम चंदेरिया बनाम OBC—किस समीकरण पर लगेगी मुहर?
भाजपा नेतृत्व के सामने अब एक ऐसी कुर्सी है, जिस पर बैठने वाला चेहरा केवल नगर परिषद की राजनीति का हिस्सा नहीं होगा, बल्कि आने वाले समय में शहर के राजनीतिक समीकरणों में भी महत्वपूर्ण माना जाएगा। क्या पार्टी सुदर्शन रामपुरिया को उपसभापति बनाकर अथवा UIT चेयरमैन बनाकर उनके समर्थकों और जैन समाज के बीच संतुलन साधेगी? क्या चंदेरिया को प्रतिनिधित्व देकर बोर्ड बनाने में उसकी भूमिका का सम्मान करेगी? या फिर OBC फैक्टर को महत्व देते हुए भोलाराम प्रजापत के नाम पर मुहर लगेगी?
शहर में सबसे बड़ा सस्पेंस—“सभापति का नाम सामने आ गया, उपसभापति का क्यों नहीं?”
इतना तय है कि अनिल ईनाणी की उम्मीदवारी के बाद अब चित्तौड़गढ़ की सियासत में अगला रोमांच उपसभापति की कुर्सी का है।
एक कुर्सी... तीन नाम... और कई राजनीतिक समीकरण।
अब देखना यही है कि भाजपा नेतृत्व रामपुरिया को सियासी इनाम देता है, चंदेरिया की मांग मानता है या OBC समीकरण को साधते हुए भोलाराम प्रजापत पर भरोसा करता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement