Advertisement
एनीमिया मुक्त भारत अभियान में हरियाणा देश में अव्वल, 89.2 एएमबी इंडेक्स के साथ हासिल किया पहला स्थान

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय तथा निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को एनीमिया से मुक्त करना है।
पहली तिमाही के मुकाबले दूसरी तिमाही में बड़ी बढ़ोतरी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हरियाणा ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 78.5 प्रतिशत के समग्र आईएफए कवरेज इंडेक्स के साथ देश में तीसरा स्थान हासिल किया था। अब दूसरी तिमाही में इसे बढ़ाकर 89.2 प्रतिशत कर दिया गया है। इस सुधार के साथ राज्य ने पहली रैंक प्राप्त की है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के मिशन डायरेक्टर डॉ. आर.एस. ढिल्लों ने बताया कि बच्चों, किशोरों और माताओं सहित सभी लाभार्थी वर्गों में आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) सप्लीमेंटेशन का कवरेज बढ़ा है।
किशोरों में 95 प्रतिशत तक पहुंचा कवरेज
दूसरी तिमाही में विभिन्न आयु वर्गों में आईएफए कवरेज में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। 6 से 59 महीने के बच्चों का कवरेज 78 प्रतिशत से बढ़कर 89.3 प्रतिशत हो गया। इसी तरह 5 से 9 वर्ष के बच्चों में यह आंकड़ा 77 प्रतिशत से बढ़कर 80.5 प्रतिशत पहुंच गया।
10 से 19 वर्ष के किशोरों में आईएफए कवरेज 74.1 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत दर्ज किया गया। स्तनपान कराने वाली माताओं का कवरेज भी 68.2 प्रतिशत से बढ़कर 86.1 प्रतिशत हो गया। वहीं, गर्भवती महिलाओं में 95 प्रतिशत का कवरेज बरकरार रहा।
100 दिवसीय अभियान में 3.56 लाख से अधिक हीमोग्लोबिन टेस्ट
प्रदेश में एनीमिया की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए सरकार की ओर से विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर 2026 को अंबाला से 100 दिवसीय एनीमिया न्यूनीकरण अभियान की शुरुआत की गई थी।
स्टेट एनीमिया ट्रैकिंग पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, अभियान के तहत अब तक पूरे प्रदेश में 3.56 लाख से अधिक हीमोग्लोबिन (एचबी) टेस्ट किए जा चुके हैं। अभियान में एनीमिया की जांच, समय पर उपचार, नियमित आईएफए सप्लीमेंटेशन और पोषण संबंधी परामर्श पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेशवासियों से की अपील
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त हरियाणा का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। एनीमिया मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से समय-समय पर हीमोग्लोबिन की जांच करवाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने और सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और विभागीय समन्वय से ही एनीमिया मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
चंडीगढ़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


