उदयपुर। जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और टीआरआई की ओर से मेवाड़ के प्रसिद्ध गवरी नृत्य को विश्व में पहचान दिलाने की अनूठी पहल आखिरकार सार्थक साबित हुई है। पिछले 1 महीने से लेकसिटी के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आमजन और देशी विदेशी पर्यटकों को गवरी के करीब लाने के लिए इस पहल का आयोजन किया जा रहा है। जिससे प्रभावित होकर जापान के क्योटो विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉक्टर सयाका सकोडा और डोशीश विश्वविद्यालय में रचनात्मक अर्थव्यवस्था अध्ययन केंद्र के शोधार्थी मिस्टर रयुचि फुकुहारा की ओर से हाल ही उदयपुर की 12 दिवसीय शोध सर्वे यात्रा पूरी की है। इस शोध के दौरान गवरी मंचन करने वाले समुदाय की खुशहाली और मनोवैज्ञानिक सामाजिक स्वास्थ्य पर असर हेतु शोध सर्वे को भी डिजाईन किया गया। टीम ने जिले के जयसमंद, सलुम्बर, झाडोल, गोगुन्दा और उदयपुर के शहरी क्षेत्र के 8 विभिन्न भील समुदाय के गवरी दलों से बातचीत की और उनका विश्लेषण किया।