From brightly lit villages to electric buses, Haryana is becoming a role model in energy and transportation: Anil Vij-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जगमग गांव से इलेक्ट्रिक बसों तक, ऊर्जा-परिवहन में हरियाणा बन रहा रोल मॉडल :अनिल विज

khaskhabar.com: सोमवार, 26 जनवरी 2026 2:55 PM (IST)
जगमग गांव से इलेक्ट्रिक बसों तक, ऊर्जा-परिवहन में हरियाणा बन रहा रोल मॉडल :अनिल विज
यमुना नगर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर यमुनानगर में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली तथा पुलिस लाईन में शहीदी स्मारक पर जाकर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, शहीदों के परिवारों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवाओं, बच्चों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, एनसीसी, एनएसएस, स्कूली विद्यार्थियों, पत्रकारों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री ने गणतंत्र दिवस में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मिठाई व उपहार देने के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने 27 जनवरी की छुट्टी की घोषणा की। अनिल विज ने कहा कि आज का दिन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जिसने देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मजबूत स्तंभ प्रदान किए। इसी संविधान ने भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। ऊर्जा मंत्री ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम और दूरदर्शिता के कारण ही आज देश का लोकतांत्रिक ढांचा मजबूत और जीवंत है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाला लाजपत राय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित उन सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया।
अनिल विज ने कहा कि आज़ादी के बाद से भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहा है और आज विश्व में एक सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश के मेहनती किसानों, मजदूरों, कारीगरों, वैज्ञानिकों, सैनिकों और युवाओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान, तकनीक, रक्षा, अर्थव्यवस्था और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
चंद्रयान-3 मिशन की सफलता का उल्लेख करते हुए विज ने कहा कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी धु्रव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला विश्व का पहला देश बना, जिसने पूरी दुनिया में भारत की वैज्ञानिक क्षमता और नवाचार का परचम लहराया। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में हरियाणा का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। राज्य ने सामाजिक-आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। अम्बाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में निर्मित हो रहा भव्य स्मारक अब अंतिम चरण में है, जो आने वाली पीढिय़ों को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा। इस स्मारक को रोजाना 5 हजार देख सकेंगें और अनसंग हीरोज को अपनी श्रद्धाजंलि दे सकेंगें। अंबाला छावनी में हवाई अडडा भी तैयार है जिसके माध्यम से देश के लोग हवाई सेवा का उपयोग करते हुए स्मारक में अनसंग हीरोज को श्रद्धाजंलि दे सकेंगें।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती सदैव वीरों की भूमि रही है। आज भी हरियाणा के युवाओं में देशसेवा का जज़्बा उतना ही प्रबल है और यह गर्व का विषय है कि भारतीय सेना का लगभग हर दसवां जवान हरियाणा से है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों और सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और अग्निवीरों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की गई है। अब तक 418 शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। साथ ही अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि देश की रक्षा में योगदान देने वाले परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और स्थायी सहयोग मिले।
अनिल विज ने कहा कि वर्तमान सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूल मंत्र पर चलते हुए सुशासन और जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। सूचना प्रौद्योगिकी के व्यापक उपयोग से प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि गरीब की बेटी की शादी के लिए 71,000 रुपये शगुन राशि, बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को 3,200 रुपये मासिक पेंशन, किसानों को फसल भुगतान सीधे खातों में तथा आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हर गरीब के सिर पर छत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 98,860 मकान वितरित किए जा चुके हैं और 49,670 मकान निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत 15,256 प्लॉट वितरित किए गए हैं, जबकि ग्रामीण योजना के तहत 12,031 प्लॉट दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चिराग योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में पढऩे का अवसर मिला है। कौशल रोजगार निगम के जरिए गरीब परिवारों के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
कृषि क्षेत्र में सुधारों का उल्लेख करते हुए अनिल विज ने कहा कि "मेरी फसल-मेरा ब्यौरा" पोर्टल से 24 फसलों की खरीद राशि 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में पहुंच रही है। गन्ना किसानों को 415 रुपये प्रति क्विंटल तक भुगतान किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 20.17 लाख किसानों को 21 किस्तों में 7,234 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक लाख एकड़ का लक्ष्य तय किया गया है तथा देशी गाय की खरीद पर 30,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बेसहारा पशुओं के पुनर्वास के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जल संरक्षण की दिशा में 152 नहर चैनलों का आधुनिकीकरण, 1,000 रिचार्ज कुओं की स्वीकृति से 8,000 एकड़ भूमि लाभान्वित होगी। इसके अलावा 158 रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं और 11,034 तालाबों का पुनर्जीवन किया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि बिजली आम नागरिक की बुनियादी आवश्यकता बने। एटी एंड सी लॉस 30.3 प्रतिशत से घटकर 9.97 प्रतिशत रह गया है। "म्हारा गांव-जगमग गांव" योजना के तहत 6,019 गांवों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि यमुनानगर में 800 मेगावाट की अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल इकाई की आधारशिला 14 अप्रैल 2025 को रखी गई। इसके अतिरिक्त पानीपत और हिसार के खेडड़़ में 800-800 मेगावाट क्षमता के नए बिजली संयंत्र प्रस्तावित हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप पर 30,000 से 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है और अब तक 37,308 सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं।
परिवहन क्षेत्र पर बोलते हुए विज ने कहा कि परिवहन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आर्थिक विकास का आधार है। राज्य परिवहन के बस बेड़े को 4,500 से बढ़ाकर 5,300 करने की स्वीकृति दी गई है। 375 एसी इलेक्ट्रिक बसों की खरीद तथा पीएम ई-बस सेवा परियोजना के तहत 10 शहरों में 450 नई ई-बसें चलाई जाएंगी। अनिल विज ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए एकजुट होकर सशक्त भारत-विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों, बुजुर्गों व इत्यादि को सम्मानित किया।
उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग, पूर्व नगर निगम के मेयर मदन चौहान, वरिष्ठï भाजपा नेता रामेश्वर चौहान, एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, डीआरओ तरूण सहोता, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी शिल्पा गुप्ता, जिला रैडक्रॉस समिति के सचिव रणधीर सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी सुखमिन्द्र सिंह, पूर्व पार्षद संगीता सिंघल, शिक्षा विभाग से राजेश पोसवाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement