Foundation stone laid for development projects worth ₹22 crore in Gurugram; construction of Civil Hospital to begin soon: Aarti Singh Rao-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गुरुग्राम में 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास, नागरिक अस्पताल का निर्माण जल्द होगा शुरू: आरती सिंह राव

khaskhabar.com: शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026 3:43 PM (IST)
गुरुग्राम में 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास, नागरिक अस्पताल का निर्माण जल्द होगा शुरू: आरती सिंह राव
चंडीगढ़। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि कि हम राजनीति अपने लिए नहीं, बल्कि जनता के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए करते हैं। हमारा उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना, उनकी जरूरतों को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु बनें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम के वार्ड 15 में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करने उपरांत उपस्थित जन को संबोधित कर रही थी। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी और सोहना के विधायक तेजपाल तंवर भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और भविष्य में इसकी आबादी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतें और बढ़ेंगी। ऐसे में हमारी प्राथमिकता है कि शहर के विस्तार और लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम नागरिक अस्पताल का ड्राइंग कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के तहत धरातल पर कार्य का शुभारम्भ किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों की मांग के अनुरूप स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार, चिकित्सा सेवाओं का सुदृढ़ीकरण तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समय पर सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं और जनता का विश्वास, सहयोग तथा उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही हमारी प्राथमिकता है।
आरती सिंह राव ने इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड 15 में 22 करोड़ रुपये की लागत के तीन विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें सेक्टर-66 में सड़कों के निर्माण, फुटपाथ एवं साइकिल ट्रैक विकसित करने तथा सीवरेज पाइप लाइन बिछाने, मैदावास गाँव में सम्राट मिहिर भोज चौक से गांव कादरपुर रोड (डीएलएफ 30एम रोड) तक सड़क का आरएमसी एम-40 द्वारा पुनर्वास, सीवरेज लाइन, बरसाती नाला एवं फुटपाथ के निर्माण कार्य तथा साउथ सिटी-2 में मौजूदा सड़कों का बीएम एवं बीसी तकनीक से पुनर्वास कार्य शामिल है। इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ-साथ नागरिकों को सुगम आवागमन, बेहतर जल निकासी और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement