जोधपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद से सम्बंद्ध पूर्व सैनिक सेवा परिषद राजस्थान द्वारा प्रदेश भर में बुधवार से 16 दिसम्बर तक शहीदों के स्मारक स्थल व स्वतंत्रता युद्ध में शहीदों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस दौरान पूर्व सैनिक प्रदेशभर के हर शहीद स्मारक पर जाकर उन्हें याद करेंगे। जोधपुर में मुख्य कार्यक्रम 16 दिसम्बर को सुबह साढ़े नौ बजे शहीद स्मारक गौरवपथ पर होगा। परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व महामंत्री कैप्टन उम्मेद सिंह राठौड़ व जोधासिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के 170 वर्ष व स्वतंत्रता के 70 वर्ष होने के अवसर पर परिषद द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शहीद स्मारको पर श्रद्धांजलि व युद्ध शहीदों के सम्मान का निर्णय किया गया है। गत दिनों परिषद की वार्षिक बैठक लखनऊ में हुई थी। इसमें वरिष्ठ प्रचारक व राष्ट्रीय संगठन मंत्री विजयकुमार की उपस्थिति में यह निर्णय किया गया था। जोधपुर इकाई की ओर से 15 व 16 दिसम्बर को कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के दौरान जोधपुर के चार मुख्य स्थलों पर कार्यक्रम होगा। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों के हर शहीद स्मारक पर गांव-गांव जाकर पूर्व सैनिक जनता के साथ मिलकर शहीदों को याद करेंगे। परिषद की ओर से समय-समय पर कई कार्यक्रम किए जाते हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म दिवस, आजाद हिंद फौज दिवस, करगिल विजय दिवस, हाइफा दिवस, विजय दिवस मनाती है। इसके अलावा यह परिषद पूर्व सैनिकों के कल्याण व उनके आश्रितों के लिए भी काम करती है।
हिन्दु विवाह, मुस्लिम निकाह एक साथ, देखिए रोचक तस्वीरें...