Advertisement
12 साल तक पुलिस को चकमा देता रहा, लेकिन आखिरकार कानून के शिकंजे में आया 20 हजार का इनामी बदमाश

यह कहानी वर्ष 2014 की है। बांसवाड़ा निवासी एलआईसी एजेंट मनीष संचावत को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने एलआईसी पॉलिसी करवाने के बहाने उन्हें शाम छह बजे बाबजी गार्डन के पास मिलने बुलाया। मनीष अपनी कार लेकर तय स्थान पर पहुंचे। वहां दो युवक उनकी कार में बैठे और कुछ ही पलों में उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। कार को उदयपुर रोड की ओर मोड़ दिया गया। रास्ते में बदमाशों ने उनसे नगदी, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। चिड़ियावासा के पास मौका मिलते ही मनीष ने चलती कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद बदमाश मौके पर कुछ सामान छोड़ गए, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान चिरायु गुप्ता, मोहित गुप्ता और दिवेश के रूप में की। वारदात के तुरंत बाद तीनों फरार हो गए और वर्षों तक पुलिस की पहुंच से दूर रहे।
फरारी के दौरान चिरायु गुप्ता लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। वह लंबे समय तक देहरादून (उत्तराखण्ड) और पंचकूला (हरियाणा) में रहकर पुलिस से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी पर बांसवाड़ा पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
इस बीच सीआईडी (सीबी) की टीम ने लगातार उसके संबंध में आसूचना विकसित की। गत माह इसी मामले के एक अन्य इनामी आरोपी दिवेश मोर्य निवासी देहरादून को भी सीआईडी (सीबी) गिरफ्तार करने में सफल रही थी।
मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी
आरोपी के बारे में जानकारी प्राप्त करने और धरपकड़ के लिए उप निरीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
इसी बीच टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह को सूचना मिली कि 12 वर्षों से फरार चल रहा चिरायु गुप्ता किसी काम से बांसवाड़ा आने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने तकनीकी विश्लेषण और आसूचना के माध्यम से इसकी पुष्टि की तथा बांसवाड़ा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की।
आखिरकार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बांसवाड़ा में दबिश देकर आरोपी को दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान चिरायु गुप्ता निवासी रातीतलाई बांसवाड़ा हाल देहरादून के रूप में स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिक कार्रवाई के लिए बांसवाड़ा जिले की कोतवाली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उसके द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
इस पूरे चक्रव्यूह को रचने और चिरायु को दबोचने में उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा, हैड कांस्टेबल बृजेश कुमार शर्मा, कुलदीप सिंह और सोहनदेव यादव (तकनीकी भूमिका) ने मुख्य भूमिका निभाई। साथ ही एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल नरेश कुमार और बांसवाड़ा पुलिस से थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई, एसआई नरेंद्र सिंह, एएसआई विशाल सिंह सहित हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह, प्रकाश और हेड कांस्टेबल लक्ष्यराज सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
बांसवाड़ा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


