District Election Officer Reviews Preparations for 2026 Panchayati Raj Elections-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पंचायती राज चुनाव 2026 की तैयारियों की जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक

khaskhabar.com: मंगलवार, 29 सितम्बर 2026 4:24 PM (IST)
पंचायती राज चुनाव 2026 की तैयारियों की जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक
डूंगरपुर। आगामी पंचायती राज चुनाव 2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर देशलदान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला परिषद के ईडीपी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिला परिषद के ईडीपी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने पोलिंग पार्टियों के गठन, चुनाव में नियुक्त कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के गठन, पोस्टल बैलेट प्रकोष्ठ, भंडार प्रकोष्ठ, रूट चार्ट, वाहन प्रकोष्ठ सहित चुनाव से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया का सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।उन्होंने चुनाव संचालन प्रकोष्ठ, मतदान दल गठन प्रकोष्ठ, आदर्श आचार संहिता, रूट चार्ट चेक प्रकोष्ठ, यातायात प्रकोष्ठ, वेयरहाउस, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, वीडियोग्राफी, मतदान दल यात्रा भुगतान प्रकोष्ठ, वाहन किराया भुगतान प्रकोष्ठ, चुनाव भंडारण प्रकोष्ठ, रसद प्रकोष्ठ, अभियोजन प्रकोष्ठ, मीडिया प्रकोष्ठ एवं सांख्यिकी प्रकोष्ठ सहित नियंत्रण कक्ष तथा अन्य प्रकोष्ठों की तैयारियों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता, सजगता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि 1 अक्टूबर को चुनाव घोषणा मानते हुए सभी आवश्यक तैयारियां एवं संबंधित कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने प्रकोष्ठों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यकता के अनुसार मांग पत्र समय पर भेजने तथा आवश्यकतानुसार ही कार्मिकों की ड्यूटी अधिग्रहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर कार्य लंबित नहीं रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने प्रकोष्ठों की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रकाश चंद्र रेगर ने कहा कि जिन प्रकोष्ठों से संबंधित कार्यों के बिल अभी तक लंबित हैं, उनके बिल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर निर्वाचन विभाग को भिजवाए जाएं, ताकि बकाया बिलों का भुगतान समय पर पूर्ण किया जा सके।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी सोनू कुमार गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीव सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेखा गोड, तहसीलदार निर्वाचन अनिल पण्ड्या सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement