करनाल । जिले के गांव अराईपुरा में नौंवी कक्षा की दलित छात्रा से रेप के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य ईश्वर सिंह ने दलित रेप पीड़िता मामले में कार्रवाई की जांच को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। मामले को लेकर आयोग सदस्य ने जब जिला कल्याण विभाग अधिकारी सुरेंद्र फुलिया से पीड़िता के परिवार को सरकार की तरफ से दी जाने वाली मुआवजा राशि देने बारे जानकारी ली तो कल्याण अधिकारी ने उनके पास फंड नहीं होने की बात कही। आयोग सदस्य ने सख्त लहजे में कहा कि कहीं से भी पैसा लेकर आओ, चाहे रेड क्रॉस से लाओ या कहीं से भी, परिवार को हर हालत में पैसा दो। वहीं सोमवार को मामले की पूरी रिर्पोट आयोग को देंगे। उन्होंने कल्याण अधिकारी से पूछा की उन्हे मामले की एफआईआर कब मिली है। जिस पर अधिकारी ने अभी तक मामले की सूचना न मिलने की बात कही। इस पर आयोग के सदस्य ईश्वर सिंह ने मामले की जांच कर रहे डीएसपी विवेक चौधरी को मामले में देरी करने के लिए लताड़ा।