Congress Celebrates Birth Anniversary of Bhagwan Birsa Munda in Dausa; MP Murari Lal Meena Calls for the Upliftment of the Tribal Community-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा में कांग्रेस ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, सांसद मुरारी लाल मीणा ने किया आदिवासी समाज के उत्थान का आह्वान

khaskhabar.com: रविवार, 15 नवम्बर 2026 5:41 PM (IST)
दौसा में कांग्रेस ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, सांसद मुरारी लाल मीणा ने किया आदिवासी समाज के उत्थान का आह्वान
-जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष को किया याद, शिक्षा, स्वास्थ्य और आदिवासी अधिकारों के लिए मिलकर काम करने का लिया संकल्प दौसा। आदिवासी जिला कांग्रेस कमेटी दौसा द्वारा महान आदिवासी जननायक एवं स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा जी के संघर्ष, त्याग, बलिदान और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए आदिवासी समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
पूर्व विधायक जी.आर. खटाना ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी ने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सामाजिक एकता स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हमें आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध रहना चाहिए।
वहीं आदिवासी जिला कांग्रेस कमेटी दौसा के मीडिया प्रभारी रविन्द्र मोरेड ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी आदिवासी समाज के गौरव और देश के महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। आज आवश्यकता है कि हम उनके संघर्ष और विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा आदिवासी समाज के युवाओं को शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़ाएं।
अंत में भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और उनके सपनों का समानता एवं न्यायपूर्ण समाज बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में महाराज सिंह, उमाशंकर बनियाना, गिर्राज पिलवा, सतीश गेरोटा, मानसिंह, ऋषभ शर्मा, मोहन लाल, अशोक डागोडाई , रमेश फोजी, हरिशंकर, योगेन्द्र ढिगरिया, रविंद्र मोरेड, वीरेंद्र राजोली, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement