चण्डीगढ़। हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि हरियाणा के स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान राज्य के सभी सरकारी बहुतकनीकी संस्थानों की प्रयोगशालाओं (लैब)को अपग्रेड किया जाएगा ताकि विद्यार्थी वर्तमान दौर की तकनीकों को सीख सकें। इससे विद्यार्थियों को बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अच्छी प्लेसमैंट मिल सकेगी। शर्मा गुरुवार को सिविल सचिवालय स्थित कार्यालय में हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग, हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग,पर्यटन विभाग, आतिथ्य-सत्कार विभाग, हरियाणा अभिलेखागार एवं संग्रहालय विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। शिक्षा विभाग की बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि राज्य में 5 नए कॉलेज बनकर तैयार हो गए हैं । जबकि छह कालेजों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है जिनका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। पर्यटन मंत्री को हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित सभी कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है।