Chhant Ritual Observed with Devotion by the Gurjar Community on Diwali: Enthusiasm-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दीपावली पर गुर्जर समाज ने श्रद्धा से भरी छांट : बनास नदी सहित जिलेभर के जलाशयों पर उमड़ा समाज का उत्साह, पितरों को किया याद

khaskhabar.com: रविवार, 08 नवम्बर 2026 3:08 PM (IST)
दीपावली पर गुर्जर समाज ने श्रद्धा से भरी छांट : बनास नदी सहित जिलेभर के जलाशयों पर उमड़ा समाज का उत्साह, पितरों को किया याद
टोंक। दीपावली के अवसर पर गुर्जर समाज की सदियों पुरानी परंपरा छांट भरने की रस्म रविवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निभाई गई। जिला मुख्यालय की बनास नदी, ऐतिहासिक चतुर्भुज तालाब सहित जिलेभर के विभिन्न जलाशयों पर समाज के लोगों ने एकत्रित होकर अपने पूर्वजों का स्मरण किया और विधि-विधान से छांट भरकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। परंपरा के अनुसार समाज के लोगों ने सुबह स्नान करने के बाद बिना भोजन किए अपने परिवार एवं गोत्र के सदस्यों के साथ नदी और तालाबों पर पहुंचकर छांट भरने की रस्म अदा की। इस दौरान पितरों की पसंद के अनुसार अग्नि में खीर, फल्के, मिठाई एवं विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया। परिवार के सभी सदस्यों ने पूर्वजों को याद कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस परंपरा की विशेषता यह रही कि इसमें नवजात शिशुओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी पीढ़ियों ने भाग लिया। गोत्र एवं कुटुंब के लोग एक साथ उपस्थित होकर पारिवारिक एकता और पूर्वजों के प्रति सम्मान की भावना को प्रदर्शित करते नजर आए।
मान्यता के अनुसार जलाशयों में रहने वाले जीव-जंतुओं को भी भोग खिलाया गया। इससे यह परंपरा पूर्वजों के स्मरण के साथ-साथ प्रकृति, जल एवं जलीय जीवों के प्रति दया और संवेदनशीलता का संदेश भी देती है।
आधुनिकता के दौर में भी गुर्जर समाज की नई पीढ़ी इस सदियों पुरानी परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ निभा रही है। दीपावली पर छांट भरने की यह रस्म समाज की सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक एकता और पितरों के प्रति सम्मान का अनूठा प्रतीक बनी हुई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement