BJP Chintan meeting in Mathura deliberated on election strategy and strengthening the organization, and discussed development work.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मथुरा में भाजपा की चिंतन बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर मंथन, विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 3:03 PM (IST)
मथुरा में भाजपा की चिंतन बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर मंथन, विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की मथुरा में आयोजित बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बैठक को पार्टी के संगठनात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसमें शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा एक कैडर-आधारित पार्टी है और यहां संगठन को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से चिंतन शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन बैठकों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलती है और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि मथुरा में हो रही बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करना और संगठन को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने मथुरा-वृंदावन के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। खंडेलवाल ने कहा कि काशी, मथुरा और अयोध्या भारत की सनातन विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मथुरा के सौंदर्यीकरण और विकास के कार्य शुरू किए जा चुके हैं। उन्होंने मथुरा और वृंदावन को जुड़वा शहर बताते हुए कहा कि दोनों धार्मिक नगरों का कायाकल्प देशभर के सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी के बाद यदि मथुरा-वृंदावन का भी व्यापक विकास होता है, तो यह सनातन समाज के लिए सरकार की ओर से एक बड़ा उपहार होगा। इससे श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना करने में अधिक सुविधा मिलेगी।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश राही ने महान खिलाड़ी बाबू केडी सिंह के आवास के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस ऐतिहासिक आवास का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है और शेष 20 प्रतिशत काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने आए थे।
इसके अलावा, मंत्री सुरेश राही ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और जेलों की स्थिति पर भी बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से अपराधों में लगातार कमी आई है। साथ ही, जेलों में बंद कैदियों की संख्या भी लगातार घट रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement