Bijnor : Hundreds of villagers protest over Shanidev temple idol dispute, allegations of bias against police-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिजनौर : शनिदेव मंदिर की मूर्ति विवाद में सैकड़ों ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस पर पक्षपात के आरोप

khaskhabar.com: गुरुवार, 03 जुलाई 2025 1:53 PM (IST)
बिजनौर : शनिदेव मंदिर की मूर्ति विवाद में सैकड़ों ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस पर पक्षपात के आरोप
बिजनौर। जिले के थाना मंडवार क्षेत्र के रतनपुर गांव में शनिदेव मंदिर की मूर्ति हटाए जाने को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। इस विवाद के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि गांव निवासी गोविंद के घर के आंगन में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे वर्षों पुराना शनिदेव मंदिर बना हुआ है। कुछ दिन पहले वहां स्थापित मूर्ति खंडित हो गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आपसी सहमति से नई मूर्ति स्थापित कर दी थी। हालांकि ग्राम प्रधान जगत सिंह ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद 28 जून को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मूर्ति को हटा दिया। गोविंद का कहना है कि यह जमीन उनकी निजी संपत्ति है और उसके सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।
इस मामले में पुलिस ने 17 ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसे लेकर बजरंग दल के मेरठ प्रांत सुरक्षा प्रमुख आशीष बालियान ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सीओ स्तर के अधिकारी ने ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया और धार्मिक भावनाओं को आहत किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। कुछ शिकायतकर्ताओं ने यह आशंका भी जताई कि ग्राम प्रधान बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें हैं:
17 ग्रामीणों पर दर्ज किए गए मुकदमे को वापस लिया जाए।
शनिदेव की मूर्ति को पुनः उसी स्थान पर स्थापित किया जाए।
ग्राम प्रधान के भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर उस पर कार्रवाई की जाए।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
विवाद अब स्थानीय प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है। पूरे मामले में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक भावनाएं जुड़ गई हैं, जिससे गांव का वातावरण संवेदनशील बना हुआ है। प्रशासन ने फिलहाल शांति बनाए रखने की अपील की है और जांच की बात कही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement