Bhai Dooj Celebrated with Great Enthusiasm in Tonk Housing Board Colony-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

टोंक हाउसिंग बोर्ड में हर्षोल्लास से मनाया गया भाई दूज, महिलाओं ने सामूहिक पूजा कर सुनी कथा

khaskhabar.com: बुधवार, 11 नवम्बर 2026 1:32 PM (IST)
टोंक हाउसिंग बोर्ड में हर्षोल्लास से मनाया गया भाई दूज, महिलाओं ने सामूहिक पूजा कर सुनी कथा
टोंक। जिले भर में दीपावली पर लक्ष्मी पूजन, गोवर्धन पर्वत की पूजा के बाद बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व बुधवार को शहर की हाउसिंग बोर्ड सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में परम्परा और धार्मिक रीतिरिवाज के अनुसार मनाया गया। इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की महिलाओं ने एकत्रित होकर विधि-विधान से दूज की पूजा-अर्चना की और पौराणिक कहानी का श्रवण किया। सुबह से ही जिले भर में घरों में त्योहार की विशेष रौनक देखने को मिली। पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं ने घर के आंगन में लोक परंपरा के अनुसार चौक पूरकर आकृतियां बनाईं। इसके बाद पूजा की थाली में रोली, अक्षत, दीपक, फल और मिठाई सजाकर धूप-दीप से विधिवत पूजा की गई। पूजा के पश्चात सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से बैठकर यमराज और माता यमुना से जुड़ी भाई दूज की कथा सुनी। महिलाओं ने व्रत व पूजा के माध्यम से अपने भाइयों की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इसके बाद बहनों ने शुभ मुहूर्त में भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर सदैव उनकी रक्षा करने का वचन दिया। इस दौरान कॉलोनी में दिनभर पारिवारिक मिलन और सौहार्द का वातावरण बना रहा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement