Allegations of Major Fraud in Nagaur Municipal Council Voter List: Names Added Using AI-Generated Fake Electricity Bills-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नागौर नगर परिषद मतदाता सूची में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप : AI से बने फर्जी बिजली बिलों से जोड़े गए नाम

khaskhabar.com: रविवार, 30 अगस्त 2026 00:09 AM (IST)
नागौर नगर परिषद मतदाता सूची में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप : AI से बने फर्जी बिजली बिलों से जोड़े गए नाम
सांसद हनुमान बेनीवाल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग नागौर। नागौर नगर परिषद क्षेत्र की मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर हेरफेर और फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त और मुख्य निर्वाचन अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर तथा पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। वार्डों में नियम विरुद्ध नाम जोड़ने और हटाने का आरोप
सांसद बेनीवाल ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के वार्ड संख्या 60, 26, 29, 30 और 37 सहित कई अन्य वार्डों में 21 अगस्त के बाद नियमों को ताक पर रखकर सैकड़ों अपात्र लोगों के नाम जोड़े गए, जबकि कई पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब कर दिए गए। उन्होंने कहा कि संबंधित निर्वाचन अधिकारियों (RO) और कर्मचारियों पर धनबल व एक विशेष राजनीतिक दल के दबाव में काम करने के गंभीर आरोप हैं।
AI और फर्जी दस्तावेजों का खेल
शिकायत में सबसे चौंकाने वाला खुलासा दस्तावेजों में हेरफेर को लेकर हुआ है। सांसद ने आयोग को बताया कि नाम जोड़ने के लिए निवास प्रमाण के तौर पर AI और डिजिटल माध्यमों से छेड़छाड़ कर बनाए गए फर्जी बिजली बिल व संदिग्ध दस्तावेज पेश किए गए हैं। बेनीवाल ने इन सभी संदिग्ध दस्तावेजों की मूल स्रोत से तकनीकी व फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
सांसद की प्रमुख मांगें:
भौतिक सत्यापन और ऑडिट: 21 अगस्त के बाद मतदाता सूची में हुए सभी संशोधनों का वार्डवार और नामवार विस्तृत ऑडिट हो तथा भौतिक सत्यापन कराया जाए।
स्वतंत्र जांच दल: पूरे मामले की जांच किसी ऐसे वरिष्ठ और स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाए, जो वर्तमान स्थानीय चुनावी प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल न हो।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई: फर्जीवाड़े में संलिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों या राजनीतिक व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।
सांसद बेनीवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी (नागौर) को भी इस संबंध में पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि चुनाव की निष्पक्षता और लोकतंत्र की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement