Interstate Vagari Gang Busted for Swindling 7 Lakh by Passing Off Fake Gold as Genuine-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नकली सोने को असली बताकर 7 लाख रुपये की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का पर्दाफाश

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 6:54 PM (IST)
नकली सोने को असली बताकर 7 लाख रुपये की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का पर्दाफाश
नागौर कोतवाली पुलिस ने बीकानेर के लूणकरणसर से दो शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार, 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंची आरोपियों तक • देशी गाय का घी खरीदने के बहाने प्रार्थी से बढ़ाई नजदीकी, फिर धर्म का भाई बनकर नकली सोने का लालच दिया। • राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, गुजरात और अन्य राज्यों में इसी तरीके से वारदातें करना किया स्वीकार।
• फूल और कांच बेचने के बहाने शहरों में घूमकर भोले-भाले लोगों को बनाते थे निशाना।
नागौर। नकली सोने को असली बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का नागौर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो शातिर सदस्यों रवि कुमार पुत्र मांगीलाल (29) निवासी बागरा और मूलाराम पुत्र मोडाराम (43) निवासी भीनमाल, जिला जालौर को बीकानेर जिले के लूणकरणसर से दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नागौर में एक व्यक्ति से सात लाख रुपये की ठगी करने के साथ ही राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित कई अन्य राज्यों में भी इसी तरीके से वारदातें करना स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में धोखाधड़ी संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना में वृताधिकारी नागौर जतिन जैन के सुपरविजन तथा कोतवाली थानाधिकारी नन्दलाल रिणवां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, फील्ड इंटेलिजेंस और आसूचना संकलन के आधार पर प्रकरण का खुलासा किया। पुलिस टीम ने संदिग्ध रूट पर पड़ने वाले 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों का पता लगाकर उन्हें लूणकरणसर, बीकानेर से गिरफ्तार किया।
घी खरीदने के बहाने बनाया संपर्क, फिर नकली सोना देकर ठगे सात लाख रुपये
घटना के अनुसार परिवादी पृथ्वीसिंह निवासी भाकरोद, थाना खींवसर ने रिपोर्ट दी कि 23 सितंबर 2026 को वह किसी काम से गांधी चौक, नागौर आया था। वहां दो व्यक्ति उससे मिले और परिवार में डिलीवरी होने का हवाला देकर देशी गाय का घी खरीदने की बात कही। इसके बाद परिवादी ने 26 सितंबर को लक्ष्मी तारा सिनेमा हॉल के सामने उन्हें घी दिया।
बाद में दोनों व्यक्ति परिवादी की मोटरसाइकिल पर बैठकर मूण्डवा चौराहे से मानासर की ओर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने बताया कि वे जमीन की खुदाई और कमठे का काम करते हैं तथा उन्हें जमीन से सोना मिला है। उन्होंने परिवादी को सोने का एक छोटा नमूना दिया। परिवादी ने उसकी जांच करवाई तो वह असली बताया गया। इसके बाद आरोपियों ने 29 सितंबर को दोपहर करीब 1:50 बजे परिवादी को सात लाख रुपये और घी लेकर बुलाया। परिवादी द्वारा सात लाख रुपये देने पर आरोपियों ने उसे सोने के आइटम की थैली थमा दी और ठगी कर फरार हो गए।
फूल और कांच बेचने के बहाने बनाते थे शिकार
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य बेहद शातिर तरीके से वारदात करते हैं। वे शहरों में फूल या कांच बेचने वाले बनकर घूमते हैं और सीधे-सादे लोगों से संपर्क कर उनका विश्वास जीतते हैं। इसके बाद जमीन से सोना मिलने की कहानी सुनाकर नकली सोने को असली बताते हैं और कम कीमत में सोना देने का लालच देकर उनसे मोटी रकम ठग लेते हैं।
जांच में गैंग के सदस्यों की राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर मौजूदगी सामने आई है। जून से नवंबर 2026 तक इनके श्रीगंगानगर, अजमेर, ब्यावर, पाली, जोधपुर, जयपुर, नागौर, डीडवाना, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और बीकानेर सहित कई स्थानों पर सक्रिय रहने की जानकारी मिली है। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात में भी इनकी गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में इस गैंग से जुड़ी अन्य वारदातों के खुलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement