Administration fully prepared for free, fair, and peaceful voting: Ajay Singh Rathore-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद : अजय सिंह राठौड़

khaskhabar.com: गुरुवार, 10 सितम्बर 2026 6:03 PM (IST)
स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद : अजय सिंह राठौड़
झालावाड़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण में 11 सितम्बर को जिले के शेष 4 नगरीय निकाय क्षेत्रों में होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नगर पालिका अकलेरा एवं मनोहर थाना क्षेत्र का दौरा कर मतदान एवं मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अकलेरा स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय तथा मनोहर थाना स्थित राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रॉंग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा, परिसर की व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही दोनों अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। *प्रथम चरण की समस्याओं से सीख लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश*
इस दौरान मतदान दलों के चल रहे अंतिम प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रथम चरण के मतदान के दौरान सामने आई समस्याओं एवं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए द्वितीय चरण में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को यदि अतिरिक्त स्टाफ की आवश्यकता महसूस हो तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने मतदान दलों को निर्देश दिए कि मॉक पोल पूरी सतर्कता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करें तथा मतदान प्रारंभ करने से पूर्व सभी उपयोगी सामग्री एवं ईवीएम की अच्छी तरह जांच कर लें। ईवीएम की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा मतदान केन्द्र पर शांति एवं पारदर्शिता बनाए रखना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल जोनल मजिस्ट्रेट को सूचित करें।
*मतदाताओं के साथ गरिमामय व्यवहार करें—कलेक्टर*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केन्द्र पर आने वाले प्रत्येक मतदाता के साथ सम्मानजनक एवं गरिमामय व्यवहार किया जाए। वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के साथ मतदान करवाया जाए। मतदान प्रक्रिया अनावश्यक रूप से धीमी न हो और मतदान के पश्चात मतदाता को मतदान केन्द्र परिसर में अनावश्यक रूप से रुकने नहीं दिया जाए।
उन्होंने मतदान केन्द्र पर अभ्यर्थियों के निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति एवं निर्धारित प्रवेश व्यवस्था का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दल सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का सावधानीपूर्वक पालन करें तथा मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। मतदान सामग्री लेकर निजी वाहन अथवा बाइक से संग्रहण स्थल पर नहीं आएं, बल्कि निर्धारित सरकारी वाहन का ही उपयोग करें।
*ईवीएम की सुरक्षा एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखें—पुलिस अधीक्षक*
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मतदान दलों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई सभी महत्वपूर्ण जानकारियों एवं निर्देशों को ध्यान में रखते हुए मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराएं। मतदान केन्द्र पर अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों के प्रवेश की निर्धारित व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व अथवा संदिग्ध गतिविधि पर विशेष निगरानी रखते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें।
उन्होंने पुलिस एवं मतदान दलों के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए मतदान प्रक्रिया को निर्बाध रूप से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि 11 सितम्बर को होने वाला मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न हो तथा प्रत्येक पात्र मतदाता सुगमता एवं सम्मान के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
इस दौरान अकलेरा के रिटर्निंग अधिकारी कार्तिक मीणा, मनोहर थाना के रिटर्निंग अधिकारी पी के मित्तल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement