ACB Registers Case Against Village Development Officer and Sarpanch Administrator in Rajsamand -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजसमन्द में ग्राम विकास अधिकारी एवं सरपंच (प्रशासक) के विरुद्ध 43,500 रुपये रिश्वत मांगने का एसीबी ने दर्ज किया प्रकरण

khaskhabar.com: मंगलवार, 04 अगस्त 2026 6:21 PM (IST)
राजसमन्द में ग्राम विकास अधिकारी एवं सरपंच (प्रशासक) के विरुद्ध 43,500 रुपये रिश्वत मांगने का एसीबी ने दर्ज किया प्रकरण
राजसमंद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी राजसमन्द द्वारा कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत तासोल (पंचायत समिति व जिला राजसमन्द) में पदस्थापित ग्राम विकास अधिकारी करण सिंह राव एवं सरपंच (प्रशासक) भंवर लाल सरगरा के विरुद्ध परिवादिया से बाड़े का पट्टा बनाने की एवज में 43,500 रुपये रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण संख्या 218/2026 दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान प्रारम्भ कर दिया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी राजसमन्द को परिवादिया से शिकायत प्राप्त हुई थी। इसमें आरोप था कि ग्राम विकास अधिकारी करण सिंह राव एवं सरपंच (प्रशासक) भंवर लाल सरगरा द्वारा तासोल स्थित बाड़े का पट्टा जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर लगातार परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस-प्रथम डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन तथा एसीबी चौकी राजसमन्द के प्रभारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत चारण के नेतृत्व में रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा 43,500 रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी द्वारा ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। हालांकि, आरोपियों को एसीबी की कार्रवाई की भनक लग गई, जिसके कारण ट्रैप सफलतापूर्वक संपन्न नहीं हो सका। इसके बाद एसीबी ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध 3 अगस्त 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में मामले का अग्रिम अनुसंधान और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement