Pankaj Jain and his brother Neeraj from Alwar have bought the Arabian Aces cricket franchise-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अलवर के पंकज जैन और भाई नीरज ने खरीदी अरबियन एसेस क्रिकेट फ्रेंचाइजी

khaskhabar.com: बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 1:07 PM (IST)
अलवर के पंकज जैन और भाई नीरज ने खरीदी अरबियन एसेस क्रिकेट फ्रेंचाइजी
खास खबर। अलवर जिले के बड़ौदा कान गांव से जुड़े पंकज जैन और उनके भाई नीरज जैन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखते हुए ‘अरबियन एसेस’ क्रिकेट फ्रेंचाइजी खरीदी है। टीम आगामी अबू धाबी टी10 लीग में हिस्सा लेगी। दोनों भाइयों को फ्रेंचाइजी के 50 वर्षों के अधिकार मिले हैं। एक छोटे से गांव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फ्रेंचाइजी तक पहुंचने की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। पंकज जैन ने बताया कि क्रिकेट के क्षेत्र में कुछ बड़ा करने का सपना वे लंबे समय से देख रहे थे। अब भाई नीरज जैन के साथ उन्होंने इस सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। टीम 7 से 20 नवंबर तक अबू धाबी में होने वाली टी10 लीग में मैदान पर उतरेगी। यह प्रतियोगिता क्रिकेट के सबसे छोटे और तेज प्रारूप टी 10 की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय लीगों में शामिल है।
अरबियन एसेस ने अपने पहले सीजन के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी टीम तैयार की है। इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली, विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन और वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर लांस क्लूजनर को टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। उनके अनुभव और आक्रामक क्रिकेट की समझ से टीम को फायदा मिलने की उम्मीद है।
50 साल के विजन के साथ बनेगा स्पोर्ट्स ब्रांडः
पंकज जैन ने कहा कि अरबियन एसेस उनके लिए केवल क्रिकेट टीम या व्यावसायिक निवेश नहीं, बल्कि एक दीर्घकालीन सपना है। उनका लक्ष्य इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाला स्पोर्ट्स ब्रांड बनाना है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी के 50 वर्षों के अधिकार मिलने के साथ उनकी योजना इसे लंबे समय तक विकसित करने की है। शुरुआत अबू धाबी टी10 से हो रही है, लेकिन लक्ष्य दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को इस ब्रांड से जोड़ना है।
पंकज के अनुसार, अबू धाबी टी10 का प्रसारण विभिन्न देशों में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होता है। उनके मुताबिक, पिछले सीजन में टूर्नामेंट की पहुंच 100 से अधिक देशों तक रही और आयोजकों ने इसकी दर्शक पहुंच 32.5 करोड़ से अधिक बताई थी।
अलवर से अबू धाबी तक का सफरः
पंकज जैन ने कहा कि बड़ौदा कान गांव और अलवर से उनका जुड़ाव इस उपलब्धि को खास बनाता है। अपनी जड़ों को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने देशभर के क्रिकेट प्रेमियों से अरबियन एसेस का समर्थन करने की अपील की।
टीम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खिलाड़ियों, मैचों और फ्रेंचाइजी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी।उन्होंने कहा कि यह एक नई शुरुआत है। लोगों के प्यार और समर्थन से टीम को आगे बढ़ाने तथा आने वाले वर्षों में ऐसा स्पोर्ट्स ब्रांड बनाने का प्रयास रहेगा, जिस पर सभी गर्व कर सकें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement