Celebrations at the home of Under-19 Asia Cup hero Manal Chauhan; father and uncle say, He has brought glory to our name.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अंडर-19 एशिया कप के हीरो मनाल चौहान के घर जश्न का माहौल, पिता और चाचा ने कहा- बेटे ने नाम रोशन किया

khaskhabar.com: रविवार, 15 नवम्बर 2026 2:27 PM (IST)
अंडर-19 एशिया कप के हीरो मनाल चौहान के घर जश्न का माहौल, पिता और चाचा ने कहा- बेटे ने नाम रोशन किया
मैनपुरी। भारतीय अंडर-19 पुरुष टीम शनिवार को ओमान के अल अमरात में खेले गए एशिया कप अंडर-19 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनी। भारत की इस जीत में मनाल चौहान की अहम भूमिका रही। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए मनाल चौहान ने मुश्किल समय में 32 गेंदों पर 47 रन की पारी खेल टीम को चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाई। मनाल चौहान ने अपने यादगार प्रदर्शन से अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से उनके घर में जश्न का माहौल है। आईएएनएस से खास बातचीत में मनाल के पिता सुदीप चौहान ने कहा, "मैं अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। उसने भारत-पाकिस्तान फाइनल में देश के लिए जो किया है, उसे देखकर हमें गर्व महसूस हो रहा है। उसने हमारे परिवार, गांव, और जिले का नाम रोशन किया है।"
सुदीप ने कहा, "वह जब छोटा था। उसी समय से क्रिकेट खेलता था। इस खेल को लेकर उसके मन में दीवानगी है। उसकी रुचि को देखते हुए मैंने उसे एकेडमी में भेजा। अंडर-14 और अंडर-16 के बाद अब वह अंडर-19 खेल रहा है। वह 7 से 8 घंटे अभ्यास करता था।"
उन्होंने कहा, "हमने उसका पूरा सहयोग किया। हम सिर्फ यही कर सकते थे। खेलना तो उसे ही था। उसने अपना कर दिया है। मैं अन्य खिलाड़ियों से भी कहना चाहूंगा कि आप चाहे जो भी खेल खेलते हैं, पूरे मन से खेलिए।"
मनाल चौहान के चाचा पी.पी. चौहान भी अपने भतीजे की सफलता से बेहद खुश नजर आए।
आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, "मैं पूरी टीम को चैंपियन बनने के लिए बधाई देता हूं। सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। भतीजे ने गांव, जिले का नाम रोशन कर दिया है। घर में खुशी का माहौल है। हमारे लिए शनिवार को ही दीपावली थी। लीग मैच में पाकिस्तान से भारतीय टीम की हार हुई थी। इस वजह से हम दीवाली का जश्न नहीं मना सके थे। फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टीम के चैंपियन बनने के बाद हमने दीवाली मनाई।"
पी.पी. चौहान ने कहा, "मनाल की बचपन से ही खेल में ज्यादा रुचि थी। वह स्कूल से आने के साथ ही बैग फेंककर खेलने निकल जाता था। पढ़ाई न करने की वजह से वह बहुत पिटा है। गुस्से में वह सर पटकता था। अब उसकी मेहनत सफल हुई है। इसमें सभी का सहयोग है। उसने सभी का नाम रोशन कर दिया है। हमारे पास खुशी को जताने के लिए शब्द नहीं है। उसने सभी का सीना चौड़ा कर दिया है। हर जगह से बधाइयां आ रही हैं। हम सभी से यही कहेंगे कि मेहनत करें। मेहनत का फल हमेशा अच्छा ही होता है।"
फाइनल की बात करें तो पाकिस्तान के दिए 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 252 पर 8 विकेट गंवा दिए थे। जीत मुश्किल लग रही थी, लेकिन यहीं से मनाल चौहान ने मोहित उल्वा के साथ मोर्चा संभाला और नौवें विकेट के लिए 35 गेंदों पर 57 रन की अहम साझेदारी की। मनाल ने 32 गेंदों पर 3 छक्के और 3 चौके लगाते हुए बेहद अहम 47 रन बनाए। मनाल के आउट होने के बाद मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर 49 और सी. वेंकटा ने 8 गेंदों पर 11 रन बनाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। मोहित ने आखिरी गेंद पर विजयी चौका लगाया। भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर मैच 1 विकेट से जीता और खिताब पर कब्जा किया।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement