जालोर। नोसरा थाना क्षेत्र के भाद्राजून-रामा मार्ग पर पुलिस ने मंगलवार को नाकाबंदी कर करीब साढ़े चार किलो अफीम बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आहोर थाना प्रभारी शंकरसिंह राजपुरोहित व नोसरा थाना प्रभारी रामनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम की ओर से भाद्राजून-रामा मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान रामा की तरफ से तेज गति से आ रही बोलेरो को रुकवाकर तलाशी की गई। इस पर बोलेरोचालक रायथल निवासी राणाराम पुत्र उकाराम चौधरी एवं छगनदास चेला प्रभुदास चारभुजा मंदिर रायथल के कब्जे से करीब चार किलो 500 ग्राम तैयार अफीम बरामद की गई। इस पर पुलिस ने अफीम जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी रानीवाड़ा क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई कर मोटरसाइकिल से दो लोगों को अफीम के दूध के साथ गिरफ्तार किया था। वे मोटरसाइकिल पर रामदेवरा सप्लाई देने जा रहे थे।