Tragic Road Accident in Gujarat : 4 Rajasthan Traders Killed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गुजरात में दर्दनाक सड़क हादसा : राजस्थान के 4 व्यापारियों की मौत, शंखेश्वर तीर्थ दर्शन के लिए जाते समय खड़े डंपर में घुसी कार

khaskhabar.com: शनिवार, 26 सितम्बर 2026 08:49 AM (IST)
गुजरात में दर्दनाक सड़क हादसा : राजस्थान के 4 व्यापारियों की मौत, शंखेश्वर तीर्थ दर्शन के लिए जाते समय खड़े डंपर में घुसी कार
सांचौर/सूरत। गुजरात के सूरत जिले में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के जालोर और सांचौर क्षेत्र के चार प्रवासी व्यापारियों की दर्दनाक मौत हो गई। चारों व्यापारी मुंबई में अपना व्यवसाय करते थे और कार से पाटण जिले के प्रसिद्ध शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन तीर्थ के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा कामरेज थाना क्षेत्र के डिगस गांव की सीमा में ताप्ती नदी पुल के समीप हुआ, जहां तकनीकी खराबी के चलते हाईवे की इमरजेंसी लेन में खड़े एक डंपर में तेज रफ्तार टाटा हैरियर कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के नीचे बुरी तरह फंसकर चकनाचूर हो गया। मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चारों व्यापारी मूल रूप से राजस्थान के भीनमाल और सांचौर क्षेत्र के निवासी थे:
प्रवीण जैन: निवासी नासोली (भीनमाल), मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज़ का व्यवसाय।
संजय जैन: निवासी कोरा गांव (भीनमाल), मुंबई में मिक्सर ग्राइंडर निर्माण का कारोबार।
जयंती लाल जैन (पुत्र चुनीलाल जैन): निवासी हाड़ेचा (सांचौर)।
पोपटलाल जैन (पुत्र जीतमल जैन): निवासी हाड़ेचा (सांचौर)।
दर्शन की पुरानी परंपरा, पूर्णिमा पर जा रहे थे शंखेश्वर
परिजनों के अनुसार, चारों व्यापारी लंबे समय से हर पूर्णिमा पर गुजरात के प्रसिद्ध शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए मुंबई से जाते थे। इसी परंपरा के तहत शुक्रवार तड़के वे मुंबई से शंखेश्वर के लिए रवाना हुए थे।
सुबह करीब 8 बजे भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर डिगस गांव के पास सड़क किनारे खड़े डंपर से उनकी कार टकरा गई। डंपर में पहले से तकनीकी खराबी होने के कारण उसे इमरजेंसी लेन में खड़ा किया गया था।
क्रेन और ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव
सूरत ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश गढ़िया ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही कामरेज थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि स्थानीय ग्रामीणों और क्रेन की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कामरेज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मॉर्च्युरी में भिजवाया और मुंबई व राजस्थान में रहने वाले परिजनों को सूचना दी। देर रात परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इस दर्दनाक हादसे की खबर से सांचौर, भीनमाल और मुंबई के प्रवासी राजस्थानी जैन समाज में शोक की लहर दौड़ गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement