बलवंत तक्षक
चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में दो बड़े खिलाडिय़ों के बीच एक-दूसरे को चुनौती देने की होड़ शुरु हो गई है। रिश्ते में ये दोनों ममेरे-फुफेरे भाई हैं। एक कांग्रेस के दिग्गज हैं तो दूसरे का भाजपा में बड़ा कद है। जी, हां! हाल ही संसद के सेंट्रल हाल में एक-दूसरे से हंसी-खुशी गले मिलने की अखबारों में तस्वीरें छपवाने के थोड़े दिन बाद ही केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब एक-दूसरे को ललकार रहे हैं। जहां बीरेंद्र सिंह उन्हें गढ़ी-किलोई-सांपला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हराने की चुनौती दे रहे हैं, वहीं भूपेंद्र हुड्डा कह रहे हैं कि पहले साफ करें कि क्या चुनाव हारने पर वे संन्यास ले लेंगे।
एक-दूसरे को चुनौती की शुरुआत सांपला क्षेत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अखाड़ा जमाने के बाद शुरु हुई है। राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं के आयोजन के तहत मुख्यमंत्री की आखिरी रैली 25 दिसंबर को गढ़ी-किलोई-सांपला क्षेत्र में थी। सांपला चौधरी बीरेंद्र सिंह के नाना सर छोटूराम, जिन्हें हरियाणा में किसानों का मसीहा माना जाता है, की कार्यस्थली रही है। मुख्यमंत्री ने सांपला में छोटूराम की 64 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने की मंजूरी दी है। रैली में बीरेंद्र सिंह भी मौजूद थे। यहां यह उल्लेखनीय है कि 2005 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को बंपर बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हुड्डा के मुकाबले बीरेंद्र सिंह पिछड़ गए थे। मन मार कर उन्हें हुड्डा मंत्रिमंडल में बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल होना पड़ा था।