The public will respond to the BJP government in the Panchayat elections through the power of their vote: Tikaram Jully-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पंचायत चुनाव में भाजपा सरकार को वोट की चोट से जवाब देगी जनता: टीकाराम जूली

khaskhabar.com: शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 9:04 PM (IST)
पंचायत चुनाव में भाजपा सरकार को वोट की चोट से जवाब देगी जनता: टीकाराम जूली
-खुली जीप में सवार होकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर ग्रामीण में किया चुनाव प्रचार, जनसभाओं में उमड़ा जनसैलाब अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को अलवर ग्रामीण क्षेत्र में खुली जीप में सवार होकर पंचायत चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। इस दौरान क्षेत्र की जनता, विशेषकर महिलाओं ने उनसे जुड़ाव दिखाते हुए उत्साहपूर्वक अभिवादन किया। छठी मील, केरवा जाट, खेड़ली सैयद, डमेडा और पालका में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जूली ने कहा कि भाजपा सरकार के झूठे वादों, जनविरोधी नीतियों और कुशासन का हिसाब अब जनता वोट की चोट से करेगी। जूली ने कहा कि पंचायत चुनाव केवल स्थानीय प्रतिनिधियों को चुनने का अवसर नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण जनता के हक, सम्मान और गांवों के विकास से जुड़े सवालों पर सरकार से जवाब मांगने का मौका भी हैं। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज किसान, मजदूर, युवा और आम आदमी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान हैं। ग्रामीण जनता अब जुमलों और वादों के बजाय अपने जीवन में वास्तविक बदलाव चाहती है।
दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए जूली ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी को देशभर में मिल रहे समर्थन, विशेषकर युवाओं और जेन-जी के बीच उनके प्रति बढ़ते जुड़ाव से भाजपा असहज है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महंगाई कम करने, किसानों की आमदनी दोगुनी करने और हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन जनता आज भी महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है। भाजपा को इन सवालों का जवाब देना चाहिए, क्योंकि भाषणों और नारों से आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।
जूली ने कहा कि चीन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री के पुराने बयानों और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर देश में सवाल उठते रहे हैं। पाकिस्तान को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों में दिखाई देने वाले विरोधाभास पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहलगाम और पुलवामा की घटनाओं तथा मणिपुर में लंबे समय तक बनी रही अशांति जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। देश की जनता सरकार से ठोस कार्रवाई और स्पष्ट जवाब चाहती है।
जूली ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के आरोप लगातार उठ रहे हैं। ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी एजेंसियों की कार्रवाई तथा चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर विपक्ष ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी इन मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं और लोकतंत्र, संविधान तथा आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा की बात कर रहे हैं। भाजपा को सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष पर हमले करने से बचना चाहिए।
जूली ने कहा कि राहुल गांधी के साथ वे लोग खड़े हैं, जो संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव, शांति और देश की प्रगति में विश्वास रखते हैं। विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना और जनता की आवाज उठाना है, लेकिन भाजपा आलोचना का जवाब देने के बजाय राजनीतिक हमलों का सहारा ले रही है। लोकतंत्र में किसी भी सरकार को सवालों से बचने का अधिकार नहीं है और जनता के मुद्दों पर जवाबदेही ही लोकतंत्र की असली कसौटी है।
जूली ने कहा कि पंचायत चुनावों में जनता स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और भाजपा सरकार के प्रदर्शन को ध्यान में रखकर अपना फैसला करेगी। ग्रामीण मतदाता अपने गांवों के भविष्य, किसानों की जरूरतों, युवाओं के रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के सवालों पर जवाब मांग रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता के इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और पंचायत राज संस्थाओं को जनहित तथा विकास का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement