उमाकांत त्रिपाठी, नई दिल्ली। जैसलमेर की सीमा जो भारत और पाकिस्तान को बांटती है, इसकी हिफ़ाज़त का जिम्मा बीएसएफ़ के जवानों पर है। लेकिन ये जांबाज़ मीलों फैले रेगिस्तान में अकेले नहीं हैं। इन जवानों की रक्षा करती है बॉर्डर वाली माता। बीएसएफ़ के जवान इन्हें बम वाली माता भी कहते हैं। ये है भारत.पाकिस्तान सीमा पर मौजूद तनोट माता का मंदिर। तनोट माता मंदिर के चमत्कार के आगे पाकिस्तान भी नत.मस्तक हो चुका है। 1965 के युद्ध में पाकिस्तान ने जैसलमेर के तनोट पर कब्जे के लिए तीन तरफ से हमला बोला था। आसमान से पाकिस्तानी फाइटर प्लेन भी बम गिरा रहे थे तो जमीन पर तोप से गोले दागे जा रहे थे। कहते हैं कि यहां करीब 3000 गोले दागे गए थे। इनमें से करीब 450 गोले तो मंदिर के आंगन में गिरे थे। लेकिन कोई भी गोला फटा ही नहीं और मंदिर को एक खरोंच तक नहीं आई। तभी से ये मंदिर बम वाली माता के मंदिर के नाम से मशहूर हो गया।