बाड़मेर। भारतीय सेना ने गश्त के दौरान बाड़मेर में बाॅर्डर एरिया पर एक युवक को गिरफ्तार किया हैै। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया एजेंसियों ने युवक को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। भारत पाकिस्तान में बिगड़े रिश्तों के बाद संदिग्ध गतिविधियों के चलते एक दिन पूर्व सरहदी इलाके में पकड़ा गया यह शख्स एजेंसियों के लिए सरदर्द बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक बाड़मेर के बॉर्डर पर स्थित चौहटन थाना इलाके में पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। युवक सीमावर्ती धनाऊ गांव में घूमता हुआ पाया गया। हिरासत में लेने के बाद पूछताछ में युवक अपना सही नाम और पता तो नहीं बता रहा है। वह खुद को कभी पंजाब तो कभी हरियाणा का बता रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद सीमा पर जारी अलर्ट के बाद सेना मुस्तैद है और इसी मुस्तैदी के बीच इस युवक को गिरफ्तार किया गया है।