बाड़मेर। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कुछ संशोधन किये गये हैं। संशोधित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को सभी विधानसभा निर्वाचन के प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर सुधीर शर्मा ने बताया कि इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 03 नवम्बर से 02 दिसम्बर, 2016 तक पात्र व्यक्ति मतदाता सूचियों में नाम जुड़वा अथवा हटवा सकते हैं। इसके साथ ही पात्र व्यक्ति किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए आवेदन कर सकता है। बीएलओ द्वारा 05 एवं 12 नवम्बर, 2016 को मतदाता सूचियों के संबंधित भाग की प्रविष्टियों का ग्राम सभा, स्थानीय निकाय एवं आवासीय वेलफेयर सोसायटी के साथ बैठक कर मतदाता सूचियों का पठन एवं प्राप्त प्रविष्टियों का सत्यापन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 नवम्बर (रविवार) एवं 20 नवम्बर (रविवार) को सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविरों के दौरान बूथ लेवल अधिकारी प्रात: 9.00 बजे से सायं 06.00 बजे तक मतदान केन्द्र पर राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त अभिकर्ताओं के साथ दावे एवं आपत्तियों के प्रार्थना पत्र प्राप्त करेंगे।