khaskhabar.com: शुक्रवार, 12 अगस्त 2016 11:07 PM (IST)
श्रीगंगानगर। नसबंदी के आंकड़े बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर राज्य सरकार से लाखों का इनाम हासिल कर घोटाला करने के आरोपियो को हनुमानगढ़ एसीबी ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को श्रीगंगानगर भ्रष्टाचार निरोधक न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दरअसल हनुमानगढ़ में वर्ष 2004 और 2005 में नसबंदी के क्षतिपूर्ति की कुछ राशि मिलनी थी। यह राशि मरीजों को दी जानी थी, मगर तत्कालीन स्टाफ ने गलत आंकड़े प्रस्तुत कर घपला किया। घपला करने वालों में सेतिया अस्पताल के संचालक डॉक्टर अमर सेतिया, ग्रामीण विकास सेवा संस्थान एनजीओ के संचालक सुभाष बेनीवाल और सीएमएचओ कार्यालय का लैब टेक्नीशियन प्यारेलाल शर्मा शामिल था। हनुमानगढ़ एसीबी के एएसपी सहीराम बिश्नोई ने बताया कि इन लोगों ने गलत आंकड़े प्रस्तुत किए थे। इस कारण पात्र लोगों तक राशि नहीं पहुंचने की शिकायत मिली। गलत आंकड़ों के आधार पर इन्होंने सरकार से एक-एक लाख रुपए का इनाम भी हासिल कर लिया। गौरतलब है कि उस वर्ष करीब 15 हजार नसबंदी करने के कारण हनुमानगढ़ जिला प्रथम रहा था और तत्कालीन कलेक्टर टी. रविकांत को बाद में राष्ट्रपति द्वारा 50 लाख का पुरस्कार भी मिला था।