उदयपुर। राजकीय प्राकृतिक चिकित्सालय भट्टियानी चौहट्टा में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर आयोजित दस दिवसीय जराजन्य एवं विशिष्ठ योग शिविर का समापन मंगलवार को हुआ। इस 10 दिवसीय शिविर मे प्रतिदिन मौसमी बिमारियों के लिए काढ़ा वितरित किया गया, जिसमे 245 रोगियों ने काढे का उपयोग किया। शिविर की जानकारी देते हुए डॉ. आशा पानेरी ने बताया कि शिविर मे 414 वृद्ध रोगियों को औषधियां वितरित की गई। जराजन्य के अन्तर्गत जीवन शैली जन्यविकार जैसे मोटापा, उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, हृदय रोग, श्वास रोग, आर्थराईटीस, कटिशूल, वातिक व्याधियां आदि रोगों का उपचार किया गया। शिविर में सुक्ष्म व्यायाम एवं विभिन्न योंगासन जैसे व्रजासन, पदमासन, सिद्वासन, भुजगासन, त्रिकोणासन, मकरासन, सेंतुबन्धासन, पवन मुक्तासन, कपालभाति, शवासन आदि एवं प्राणायाम में भस्त्रिका, उज्जायी, अनुलोम विलोम, भ्रामरी सुर्य भेदी,शीतकारी,शीतलीय,प्लावनी,मुच्र्छां आदि का नियमित अभ्यास योगाचार्य देवी सिंह चौहान ने डॉ. इकबाल खान के निर्देशन मे कराया । उद्गीत एवं ध्यान से सत्र का समापन किया गया।
योग शिविर मे कमर दर्द, साइटिका, अस्थमा, डाईबिटिज, एलर्जिक जुकाम, स्पोन्डोलाईटिस, मोटापा, स्लिप डिस्क, एवं कमजोर व्यक्ति आदि रोगों से ग्रसित 367 रोगियों ने लाभ उठाया। शिविरार्थियों को नियमित पथ्य व अपथ्य के पालन के बारे में बताया कि किस तरह के आहार विहार के साथ एवं योग प्राणायाम से रोगी स्वस्थ जीवन यापन कर सकते है।